भूषण सेठिया /भैरमगढ़/बीजापुर
थाना परिसर भैरमगढ़ में सोमवार को साइबर जागरूकता अभियान के साथ-साथ शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में एसडीओपी नवीन एक्का एवं थाना प्रभारी गिरीश तिवारी ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित किया। इस दौरान नगर के गणेश समिति एवं शांति समिति के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कहा कि आगामी गणेश उत्सव को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी समितियों से शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, डीजे की ध्वनि सीमा का ध्यान रखने और आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।
इसके साथ ही छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागरूकता अभियान” के तहत लोगों को साइबर ठगी से बचाव के बारे में जागरूक किया गया। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में OLX, फर्जी लिंक, बिजली बिल, केवाईसी अपडेट और लोन के नाम पर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं।
पुलिस ने की ये अपील –
अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी अनजान QR कोड को स्कैन न करें। अपना OTP, बैंक खाता, एटीएम पिन किसी के साथ शेयर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के अंत में थाना प्रभारी ने सभी समितियों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।


