छुरा में धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर निर्माण के लिए 1,11,101 रु देने की घोषणा, माँ शीतला से प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना
छुरा (गंगा प्रकाश)। छुरा नगर में शुक्रवार को धार्मिक आस्था और जनसहभागिता का विशेष अवसर देखने को मिला, जब प्रथम पंचायत मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमितेश शुक्ल नगर की आराध्य देवी माँ शीतला के दरबार में दर्शन-पूजन करने पहुंचे। लेकिन इस धार्मिक दौरे का खास आकर्षण उस समय सामने आया, जब वे निर्माणाधीन रामजानकी मंदिर पहुंचे और मंदिर निर्माण के लिए एक लाख ग्यारह हजार एक सौ एक रुपये देने की घोषणा कर दी। उनकी इस घोषणा से मंदिर निर्माण कार्य को सहयोग मिलने की उम्मीद जगी और उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसन्नता का माहौल रहा।
माँ शीतला के दरबार में की पूजा-अर्चना
अमितेश शुक्ल ने माँ शीतला मंदिर में विधिवत दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने राजिम विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उन्होंने अपने नाम से प्रज्वलित ज्योत तथा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नाम से प्रज्वलित ज्योत के दर्शन भी किए।
👉 जरूर पढ़ें : 95 से ज्यादा बच्चे पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन… आखिर अधीक्षक को बचाने की मांग के पीछे क्या है पूरा मामला?
मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्तिभाव का वातावरण रहा। इस दौरान उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी माँ शीतला के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

रामजानकी मंदिर निर्माण के लिए 1,11,101 रु की घोषणा
माँ शीतला मंदिर में दर्शन के बाद अमितेश शुक्ल छुरा नगर में भव्य रूप से निर्माणाधीन रामजानकी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने प्रभु श्रीराम एवं माता जानकी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसी दौरान उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य में सहयोग देने के उद्देश्य से 1,11,101 रु की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
उनकी इस घोषणा को मंदिर निर्माण कार्य में सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। धार्मिक स्थलों के निर्माण में जनसहभागिता और सहयोग की भूमिका अहम होती है। ऐसे में इस घोषणा से मंदिर समिति एवं श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला।

जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही मौजूदगी
इस अवसर पर महिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष मंजू ध्रुव,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष महेश्वरी शाह, अब्दुल समद खान, यशपेंद्र शाह, पंचराम टंडन, नीलकंठ ठाकुर, सलीम मेमन, अशोक दीक्षित, हरीश यादव, रामजी दीवान, शांतनु देवांगन, दीप्ति यादव, श्वेता चंद्राकर, सोनू दीक्षित, शैलेन्द्र दीक्षित, रमेश चंद्राकर एवं मोनू दीक्षित सहित कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
👉 जरूर पढ़े : 20 दिन बाद भी मंजिल तक नहीं पहुंची स्पीड पोस्ट ! आखिर डाक विभाग की व्यवस्था में कहां अटक रहे जरूरी पत्र?
वहीं मंदिर समिति की ओर से गोपाल सोनी, मितेश दीक्षित, संत राम निर्मलकर, कोमल सोनी, कुमार ध्रुव और संतराम यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
माँ शीतला के दर्शन और रामजानकी मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणा के साथ यह अवसर धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और जनसेवा की भावना का प्रतीक बना।





