छुरा (गंगा प्रकाश)। त्योहारों के बीच नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। बाजारों में बढ़ती भीड़, प्रमुख चौक-चौराहों की गतिविधियों और संभावित असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के उद्देश्य से अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एसडीओपी गरिमा दादर ने शनिवार को छुरा नगर का पैदल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शीतला मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद नगर के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
👉 जरूर पढ़ें: गरबा की धुन पर झूमे विधायक रोहित साहू, समाज की एक मांग पर मंच से कर दी बड़ी घोषणा !
नगर भ्रमण के दौरान एसडीओपी गरिमा दादर ने विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने आवश्यकता के अनुसार नए कैमरे लगाए जाने की दिशा में पहल करने तथा संबंधित स्थानों का आकलन कर प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य नगर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर समय रहते नजर रखी जा सके।

दुकानों के कैमरों में सड़क भी होनी चाहिए कैद
बाजार क्षेत्र में व्यापारियों से चर्चा करते हुए एसडीओपी ने अपील की कि दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की दिशा इस प्रकार रखी जाए कि दुकान के सामने की सड़क और आसपास का क्षेत्र भी कैमरे की निगरानी में रहे। इससे बाजार में होने वाली गतिविधियों की जानकारी प्राप्त करने और किसी घटना की स्थिति में पुलिस जांच को गति देने में मदद मिल सकती है।
👉 जरूर पढ़ें : 95 से ज्यादा बच्चे पहुंचे कलेक्टर जनदर्शन… आखिर अधीक्षक को बचाने की मांग के पीछे क्या है पूरा मामला?
त्योहारों के दौरान बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ने से सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी बढ़ सकती हैं। ऐसे में पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की है, ताकि नगर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।

थाने में बैठक लेकर पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश
नगर भ्रमण के बाद एसडीओपी गरिमा दादर ने पुलिस थाना छुरा में पुलिस स्टाफ की बैठक ली। उन्होंने त्योहारों के दौरान प्रमुख चौक-चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारियों का सजगता से निर्वहन करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने पर जोर दिया।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
एसडीओपी ने नगर एवं क्षेत्रवासियों से सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, सद्भाव और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
त्योहारों से पहले छुरा नगर में पुलिस की सक्रियता, सीसीटीवी निगरानी को मजबूत करने की पहल और पुलिस स्टाफ को दिए गए निर्देशों से सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की तैयारी सामने आई है। अब निगरानी व्यवस्था को कितना प्रभावी बनाया जाता है, यह आने वाले दिनों में देखने वाली बात होगी।





