उप स्वास्थ्य केंद्र के लोकार्पण के साथ विधायक रोहित साहू ने की घोषणाओं की बौछार, पंचायत भवन से लेकर सीसी रोड तक विकास कार्यों की उम्मीदें बढ़ीं
छुरा (गंगा प्रकाश)। ग्रामीण अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ग्राम पंचायत चरौदा में एक नई पहल हुई है। विकासखंड छुरा के अंतर्गत ग्राम चरौदा में नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से चरौदा सहित आसपास के ग्रामीणों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। वहीं लोकार्पण समारोह के दौरान क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई घोषणाओं ने ग्रामीणों के बीच उत्साह बढ़ा दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत गरियाबंद के कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा उपस्थित रहे। अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया।

अब गांव में ही मिल सकेगी प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधा
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। चरौदा और आसपास के गांवों के लोगों को छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्याओं एवं प्राथमिक उपचार के लिए दूर जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा तथा जनता के स्वास्थ्य के प्रति सरकार प्रतिबद्ध है।
👉 जरूर पढ़ें : आजादी के बाद पहली बार बीजापाल की धरती पर पहुंचे विधायक ! देवगुड़ी भूमिपूजन के साथ घोषणाओं की झड़ी, ग्रामीणों की जगी विकास की उम्मीद
उन्होंने ग्रामीणों को स्वास्थ्य केंद्र की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार विकास की महत्वपूर्ण कड़ी है।
पंचायत भवन से लेकर सीसी रोड तक घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की मांग पर विधायक रोहित साहू ने नवीन पंचायत भवन निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही कमारपारा चरौदा में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
विधायक द्वारा व्यावसायिक परिसर में शेड निर्माण, चरौदा में मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण, प्राथमिक शाला चरौदा में अतिरिक्त कक्ष तथा प्राथमिक शाला पटपरपाली में अतिरिक्त कक्ष निर्माण जैसे विभिन्न विकास कार्यों की भी घोषणाएं की गईं। इन घोषणाओं से ग्रामीणों को क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।

महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को मिलेगी राहत
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को राहत मिलेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि की बधाई देते हुए स्वास्थ्य केंद्र का सदुपयोग करने तथा इसके संचालन में सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े ऐसे कार्य ग्रामीण क्षेत्रों की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उपस्थिति
इस अवसर पर ग्राम पंचायत चरौदा की सरपंच लालता घनश्याम नागेश, जनपद सदस्य लच्छन कुमार नेताम, जिला अल्पसंख्यक मोर्चा गरियाबंद के अध्यक्ष इमरान अली, भाजपा मंडल महामंत्री रामलाल कुलदीप, उपसरपंच दिलीप सोरी, ग्राम पंचायत सभापति नकछेड़ा नागेश, ग्राम समिति अध्यक्ष टीकुम सोरी, बूथ अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, ग्राम पटेल सोमनाथ नागेश, ग्राम प्रमुख रामचरण नागेश सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।
👉 जरूर पढ़ें : छुरा शाही दशहरा इस बार होगा कुछ खास, एक ही जगह सजेगा रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंच
इसके अलावा जिला पंचायत प्रतिनिधि एवं अध्यक्ष सतनामी समाज तहसील परिक्षेत्र कोमल ढीढ़ी, अध्यक्ष सहकारी समिति लचकेरा, उपसरपंच मडेली हैप्पी सिंह, दिशांक चंद्राकर, भाजपा मंडल खड़मा के महामंत्री पुरुषोत्तम गोस्वामी, ब्रजलाल, बलिराम नागेश, महेश नागेश, रमादेवी अग्रवाल, सुनीता सिन्हा, धनसिंह टांडे, पूर्व सरपंच पटपरपाली सुंदर ठाकुर, पूर्व उपसरपंच पटपरपाली पदुराम मरकाम, हुमेश्वर कुंजाम, कौशल जगत, डिगेश नागेश, सरपंच प्रतिनिधि घनश्याम नागेश, संतोष ध्रुव, जहूर सिंह नागेश, हाईस्कूल के प्राचार्य ध्रुव तथा स्वास्थ्य विभाग के सीबी दीवान सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
अब ग्रामीणों की उम्मीदें इस बात पर टिकी हैं कि नवीन उप स्वास्थ्य केंद्र में नियमित स्वास्थ्य सेवाएं, आवश्यक दवाइयां एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित हो, ताकि लोकार्पण की यह सौगात वास्तव में ग्रामीणों के लिए राहत का माध्यम बन सके।





