सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य से लेकर सामुदायिक भवन तक कई सौगातों का ऐलान, दूरस्थ गांवों तक विकास पहुंचाने का विधायक ने दिया भरोसा
छुरा (गंगा प्रकाश)। विकासखंड छुरा के सुदूर ग्राम बीजापाल में उस वक्त उत्साह का माहौल देखने को मिला, जब विधायक रोहित साहू स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ पहली बार गांव पहुंचे और देवगुड़ी निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। आयोजकों एवं स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, आजादी के बाद यह पहला अवसर है, जब इस अंचल में कोई स्थानीय विधायक गांव पहुंचा है। विधायक के आगमन और विकास कार्यों की घोषणाओं ने ग्रामीणों के बीच नई उम्मीदें जगाई हैं।
देवगुड़ी निर्माण के भूमिपूजन कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत छुरा की अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजेश साहू तथा जिला पंचायत गरियाबंद के कृषि सभापति लेखराज ध्रुवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों की सहभागिता रही।

देवगुड़ी भूमिपूजन से संस्कृति संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि बीजापाल और पूरे क्षेत्र के लिए आज का दिन ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ गांवों तक जनप्रतिनिधियों की पहुंच आसान नहीं रही है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्हें जो अपनापन और आशीर्वाद मिला है, वह उनके राजनीतिक जीवन की बड़ी पूंजी है।
👉 जरूर पढ़ें : छुरा शाही दशहरा इस बार होगा कुछ खास, एक ही जगह सजेगा रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंच
विधायक ने कहा कि देवगुड़ी आदिवासी आस्था, परंपरा और लोकसंस्कृति का महत्वपूर्ण केंद्र है। इन धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और संवर्धन करना सामूहिक जिम्मेदारी है। देवगुड़ी निर्माण की पहल गांव की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
घोषणाओं से गांव में विकास की नई उम्मीद
देवगुड़ी भूमिपूजन के साथ ही विधायक ने ग्रामीणों के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों और सुविधाओं से जुड़ी घोषणाएं कीं। इनमें प्रमुख रूप से ग्राम बीजापाल में राजस्व शिविर लगाने, बोर खनन, मुक्तिधाम सह प्रतीक्षालय निर्माण, महिला सामुदायिक भवन निर्माण तथा माध्यमिक शाला बीजापाल में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की घोषणा शामिल है।
इसके अलावा ग्राम बिरनीबाहरा में टीन शेड निर्माण, ताराझर नाला में पुलिया निर्माण तथा शिव मंदिर निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई। इन घोषणाओं से ग्रामीणों को बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इन कार्यों के क्रियान्वयन के लिए संबंधित स्वीकृति, बजट आवंटन और निर्माण की समयसीमा पर ग्रामीणों की नजर रहेगी।

सड़क, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य पर दिया भरोसा
विधायक रोहित साहू ने कहा कि बीजापाल, बिरनीबाहरा, कुड़ेमा और नागिनबाहरा सहित आसपास के गांवों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी नहीं रहने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। साथ ही ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।
👉 जरूर पढ़ें : पांच बच्चों को छात्रावास भेजकर पढ़ा रही मां, फिर भी सरकारी योजनाओं से दूर कमार परिवार !
जनपद पंचायत अध्यक्ष मीरा ठाकुर ने कहा कि क्षेत्र में विकास की नई गति देखने को मिल रही है। उनके अनुसार, देवगुड़ी निर्माण की पहल लोकसंस्कृति के संरक्षण के साथ गांव के विकास में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।
जिला पंचायत सभापति लेखराज ध्रुवा ने कहा कि सुदूर गांव में विधायक का पहुंचना जनसंपर्क और ग्रामीणों से जुड़ाव का परिचायक है। उन्होंने किसानों और ग्रामीणों के हित में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।

जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य लच्छन कुमार नेताम, ग्राम पंचायत बिरनीबाहरा के सरपंच चैतन राम ठाकुर, उपसरपंच कलीराम नेताम, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष इमरान अली, भाजपा मंडल छुरा महामंत्री रामलाल कुलदीप, बूथ अध्यक्ष महेश्वर दीवान, ग्राम समिति बीजापाल अध्यक्ष गैंदराम सिन्हा तथा ग्राम पटेल धनीराम विश्वकर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में कोमल ढीढ़ी, हैप्पी सिंह, दिशांक चंद्राकर, पुरुषोत्तम गोस्वामी, बृजलाल नेताम, ठाकुर राम सिन्हा, सुरेंद्र साहू, द्वारिका सिन्हा, जागनाथी सिन्हा सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
अब ग्रामीणों की निगाहें घोषणाओं के धरातल पर उतरने पर: विधायक के इस दौरे से बीजापाल सहित आसपास के गांवों में विकास को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं। अब देखना होगा कि घोषित निर्माण कार्यों और सुविधाओं को कितनी जल्दी अमलीजामा पहनाया जाता है और दूरस्थ अंचल के ग्रामीणों को इनका वास्तविक लाभ कब तक मिल पाता है।





