रितेश पटेल
केशकाल (गंगा प्रकाश):- केशकाल नगर के बोरगांव तालाब के समीप बुधवार की रात तकरीबन 10:30 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई है। जिसमें सड़क किनारे पैदल चल रहे युवक को जगदलपुर की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो वाहन जबरदस्त ठोकर मार कर फरार हो गयी है। घायल युवक को तत्काल केशकाल अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी है। फिलहाल केशकाल पुलिस की टीम के द्वारा फरार बोलेरो वाहन की खोजबीन की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार केशकाल सुभाष चौक निवासी 22 वर्षीय युवक गुलाम मोहम्मद जो कि बुधवार की शाम शादी समारोह से भोजन कर के मस्जिद गली से बस स्टैंड पहुंचा था। वहां से गुलाम अपने दोस्त सलमान के साथ पैदल टहलने के लिए बोरगांव की ओर गया। वहां से वापसी के दौरान बोरगांव तालाब के समीप जगदलपुर की ओर से आ रही सफेद रंग की अज्ञात बोलेरो ने गुलाम को पीछे से इतनी जबरदस्त ठोकर मारी की उक्त युवक लगभग 50 मीटर दूर जाकर गिरा। इसके बाद बोलेरो वाहन ने बस स्टैंड में सड़क किनारे खड़ी 3-4 दुपहिया एवं 1 चारपहिया वाहन को भी ठोकर मार कर बुरी तरह से छतिग्रस्त करते हुए घाटी की ओर फरार हो गया।
इधर टक्कर की आवाज सुनते ही आसपास के घर के लोग बाहर आए और घायल युवक को तत्काल केशकाल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां आधे घण्टे तक मशक्कत के बाद भी युवक की जान नहीं बच पाई। बताया जा रहा है कि ठोकर से उक्त युवक के सिर के पिछले हिस्से में काफी गहरी चोटें आई थी। गुरुवार की सुबह केशकाल अस्पताल में शव का पीएम करने के पश्चात परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस घटना की सूचना मिलते ही केशकाल थाना प्रभारी विनोद साहू अपनी टीम के साथ कांकेर की ओर रवाना हो गए थे। केशकाल एसडीओपी भूपत सिंह और एसडीएम शंकरलाल सिन्हा घाटी नीचे स्थित ग्राम दादरगढ़, हरवेल, चिपरेल की ओर रवाना हुए थे। रात 4-5 बजे तक लगातार पतासाजी के बाद भी फरार बोलेरो वाहन की कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
थाना प्रभारी विनोद साहू का कहना है कि आरोपी अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भादवि की धारा 304 ए के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी गई है। घटनास्थल के आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखा जा रहा है, ताकि किसी तरह से आरोपी बोलेरो वाहन का नंबर पता चल जाए।
There is no ads to display, Please add some


