गरियाबंद/फिंगेश्वर/छुरा (गंगा प्रकाश)।-बीते लगभग दो महीने से टमाटर की महंगाई से त्रस्त आम उपभोक्ताओं को रूलाने के लिए अब प्याज तैयार हो रहा है। एक ओर सब्जी बाजार में टमाटर के दाम लगातार सस्ते होते जा रहे है वहीं प्याज की कीमतों में तेजी आ रही है। थोक सब्जी बाजार में टमाटर 25 रू. किलो और चिल्हर में 40 से 45 रू. किलो तक बिका। वहीं प्याज की कीमतें भी 35 से 40 रू. किलो हो गई है। हालांकि आलू की कीमतों में स्थिरता बनी हुई है। कारोबारियों का कहना है कि प्याज की आवक थोड़ी प्रभावित हुई है इसके चलते ही कीमतों में तेजी है। शुक्रवार को सब्जी बाजार में टमाटर 40 रू. किलो, बैगन 35 रू. किलो, लौकी 20 रू. किलो, गोभी 70 रू. किलो, परवल 40 रू. किलो, भिंडी 40 रू. किलो तक बिका। सब्जी कारोबारियों का कहना है कि अब सब्जियों की आवक में काफी सुधार हो गया है विशेषकर टमाटर की आवक काफी बढ़ गई है। आने वाले दिनों में इसकी कीमतों में और गिरावट आएगी। साथ ही दूसरी सब्जियों के दाम भी घटेंगे। सब्जियों की आवक अब काफी सुधरने लगी है। इसके चलते ही कीमतों में गिरावट आने लगी है।
There is no ads to display, Please add some


