फिंगेश्वर में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से विधायक रोहित साहू ने किया सीधा संवाद, अधिकारियों को समय-सीमा में समस्याओं के निराकरण के निर्देश
गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने और स्थानीय समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से जनपद पंचायत फिंगेश्वर के सभाकक्ष में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं पर चर्चा हुई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर में उस समय प्रमुख घोषणा सामने आई, जब विधायक रोहित साहू ने फिंगेश्वर विकासखंड में चार नवीन राशन दुकानें खोलने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इनमें ग्राम तर्रा, किरवई, बासीन तथा लचकेरा के आश्रित ग्राम खपरी को शामिल किया गया है। इन क्षेत्रों में नवीन राशन दुकान खुलने से स्थानीय ग्रामीणों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ लेने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

विधायक रोहित साहू ने शिविर के दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों और नागरिकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति और पात्र हितग्राहियों को मिल रहे लाभ की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाए और पात्र लोगों को निर्धारित समय-सीमा में योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
👉 जरूर पढ़ें: बिलों की फाइल खुली तो उठे कई सवाल, अब जांच में क्या निकलेगा सच?
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित सेवा सेतु शिविर शासन और जनता के बीच संपर्क को मजबूत करने का माध्यम हैं। आम नागरिकों को अपने छोटे-छोटे कार्यों और शासकीय योजनाओं के लाभ के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए प्रशासन को संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ कार्य करना चाहिए।
धान खरीदी केंद्रों की मांग पर भी दिया भरोसा
शिविर में ग्राम पंचायत बिजली के प्रतिनिधियों द्वारा नवीन धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग भी रखी गई। इस पर विधायक रोहित साहू ने कहा कि जहां-जहां आवश्यकता है, वहां आगामी धान खरीदी सत्र में नए खरीदी केंद्र प्रारंभ करने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने संबंधित स्तर पर आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
सेवा सेतु शिविर में राजस्व, स्वास्थ्य, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विधायक ने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और लोगों की समस्याओं के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
👉 जरूर पढ़ें: पहले 1000 दिन पर जोर, पोषण प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान—कुटेना में सेवा संकल्प अभियान का संदेश
जनपद पंचायत अध्यक्ष इंद्राणी नेहरू साहू ने कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के आयोजन ग्रामीणों को शासन की योजनाओं और सुविधाओं से सीधे जोड़ने में उपयोगी साबित हो रहे हैं। उन्होंने नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रतानुसार उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष सतीश यादव, जिला पंचायत सभापति नंदनी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष धनराज सूर्यवंशी, पूर्व अध्यक्ष जगदीश यदु, पूर्व जिला पंचायत सभापति मधुबाला रात्रे, भाजपा मंडल अध्यक्ष मंजूलता हरित, जनपद सदस्य मंजू साहू, आशीष पाण्डेय, उमा साहू, रामेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष किसान मोर्चा मिंजून साहू, महामंत्री प्रेम टोडर, भुवन साहू, दशरथ सिन्हा, फनीकेश्वर नाथ महाविद्यालय अध्यक्ष राजू साहू, संतोषी श्रीवास्तव, लक्ष्मी श्रीवास्तव, शांति कोसरे, पदमा यदु, भुनेश्वरी साहू, राधेश्याम साहू, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिला अध्यक्ष सियाराम ध्रुव, ओमप्रकाश साहू, वैभव नतथानी, होरी साहू, खाद्य अधिकारी जन्मजाय नायक, सोनाली ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सिर्रीखुर्द सरपंच देवेंद्र वर्मा ने किया। शिविर में ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं पर चर्चा के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। चार नवीन राशन दुकानों को लेकर दिए गए निर्देश और आगामी धान खरीदी सत्र में आवश्यकता वाले क्षेत्रों में खरीदी केंद्र शुरू करने की पहल को शिविर की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में देखा गया।




