गरियाबंद/फिंगेश्वर(गंगा प्रकाश)। केन्द्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट पर अपनी तथ्यात्मक एवं सटीक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला पंचायत की पूर्व अध्यक्ष डॉ. श्वेता शर्मा ने काफी नपे तुले शब्दों में कहा है कि अर्थव्यवस्था पर वित्त मंत्री द्वारा जारी किया गया श्वेत पत्र सच्चाई का वो आईना है जिसे कांग्रेस पार्टी के एक परिवार ने देश सामने नहीं आने दिया था। उन्होंने कहा कि श्वेत पत्र इस बात का साक्षी है कि 2004 और 2014 के बीच की कांग्रेस की यूपीए सरकार की तुलना में 2014 से 2024 तक प्रधामंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में देश की अर्थव्यवस्था में कैसे सुधार हुआ। यूपीए ने न केवल देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया बल्कि यूं कहिये कि देश को लूटा। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. श्वेता शर्मा ने कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार से एक स्वस्थ अर्थव्यवस्था विरासत में मिलने के बावजूद यूपीए ने देश की अर्थव्यवस्था को कैसे गैर-निष्पादित अर्थव्यवस्था में बदल दिया इसकी जानकारी हमें इस श्वेत पत्र में मिलती है। कांग्रेस की यूपीए सरकार के दौरान देश की जो बदहाल आर्थिक स्थिति थी उसका जिम्मेदार कहीं न कहीं उस वक्त सरकार का नेतृत्व कर रहे लोग भी थे। पीएम से लेकर सुपर पीएम तक देश ने उस वक्त 2 जी घोटाला देखा, कोयला घोटाला देखा, अगस्ता वेस्टलैंड घोटाला देखा, सत्यम घोटाला देखा, ट्रक घोटाला देखा, कॉमनवेल्थ घोटाला देखा, कैश फॉर वोट घोटाला देखा, आदर्श घोटाला देखा, शारद चिटफंड घोटाला देखा, एयरसेल-मैक्सिस घोटाला देखा, एंट्रिक्स-देवास घोटाला देखा, लैंड फॉर जॉब घोटाला देखा। डॉ. श्वेता शर्मा ने कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था चौपट हुई और 2014 में भाजपा को कर्जो से भरा खजाना मिला। जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 10 सालों में फिर लबालब कर देश में रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने की ओर बढ़ रही है।
There is no ads to display, Please add some


