गरियाबंद/फिंगेश्वर(गंगा प्रकाश)। महतारी वंदन योजना अंतर्गत फिंगेश्वर नगर पंचायत सहित विकासखंड की पूरे 72 ग्राम पंचायतों की महिलाओं में आवेदन भरने का गजब उत्साह है। 12 फरवरी सोमवार तक फिंगेश्वर नगर पंचायत के 15 वार्डो में 2000 से ऊपर महिलाओं ने फार्म भर दिया है। जबकि लक्ष्य लगभग 2500 फार्म जमा होने का है। इसी प्रकार विकासखंड की सभी 72 ग्राम पंचायतों में महिलाओं में महतारी वंदन फार्म भरने की होड़ लगी हुई है। लगभग 42000 से ऊपर आवेदन जमा हो चुके है। जबकि अभी सप्ताह भर का समय शेष है। जनपद पंचायत फिंगेश्वर के सीईओ अजय पटेल ने जानकारी देते हुए बताया कि विकासखंड के प्रत्येक ग्राम पंचायत में पर्याप्त संख्या में फार्म उपलब्ध है। पात्र हितग्राहियों को शासन इस महती योजना से लाभ मिले इसके लिए लगातार फार्म भराए जा रहे है। इसके साथ ही इस योजना के संबंध में महिलाओं को दिक्कत न हो इसलिए उन्हें मार्गदर्शन देते हुए आवश्यक दस्तावेंजों के संबंध में जानकारी दी जा रही है। आवेदन भरती महिलाओं महिलाओं ने महतारी वंदन योजना पर खुशी जताते हुए कहा कि इस योजना से आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा मिलेगा साथ ही महिलाएं आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर होगी। महिलाओं ने कहा कि यह योजना बहुत अच्छी है। इस योजना से मिलने वाले पैसे स्वयं के अलावा परिवार के विकास में भी सहायक होगी। साथ ही इस राशि से स्वयं के देखरेख, स्वास्थ्य एवं बच्चों की शिक्षा में भी मददगार होगी। महिलाओं ने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री पटेल ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में शासन की महतारी वंदन योजना अंतर्गत फार्म भरने के लिए महिलाएं बड़ी संख्या में उत्साह के साथ आंगनबाड़ी केन्द्र एवं वार्ड कार्यालय में पहुंच रही है। ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में इस योजना के प्रति महिलाओं में उत्साह एवं हर्ष व्याप्त है। महतारी वंदन योजना महिलाओं की वित्तीय आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण और कारगर कदम साबित होगी। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ेगा। जिससे महिलाएं स्वयं एवं परिवार के विकास में लगातार सकारात्मक भागीदारी निभाएगी। शासन की ओर से प्रतिमाह 1 हजार रूपए मिलने से प्रदेश में महिलाओं के आर्थिक स्वावलम्बन में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में भी लगातार सुधार होगा। परिवार में महिलाओं की निर्णायक भूमिका सुदृढ़ होगी। फिंगेश्वर नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप मिश्रा ने कहा कि कलेक्टर दीपक अग्रवाल के मार्गदर्शन में नगर में ममहतारी वंदन योजना के फार्म भरवाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। फिंगेश्वर नगर पंचायत में महिलाओं द्वारा इस योजना का लाभ लेने के लिए अब तक 2000 से अधिक आवेदन जमा किए गए है। उन्होंने कहा कि राज्य शासन द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में आर्थिक स्वावलंबन उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सतत सुधार परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका सुदृढ़ करने के उद्देश्य से महतारी वंदन योजना की शुरूआत की गई है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रूपए की राशि डीबीटी के माध्यम से प्रदान की जाएगी। योजनांतर्गत आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 फरवरी है और पात्र महिला हितग्राही को राशि का अंतरण 08 मार्च को किया जाएगा। महतारी वंदन योजना का लाभ लेने के लिए विभाग द्वारा लींक और मोबाईल ऐप जारी किया गया है। इस लिंक और एप्प पर महिलाएं ऑनलाइन आवेदन कर सकती है। आवेदन के लिए किसी भी तरीके का शुल्क नहीं देना है। इसके अलावा महिलाएं अपने इलाके के आंगनबाड़ी केन्द्र, ग्राम पंचायत सचिव, बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) और वार्ड प्रभारी से संपर्क कर उनके लॉगिन यूजर आईडी से आवेदन कर सकती है।
There is no ads to display, Please add some


