गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)।रानी श्यामकुमारी देवी की 40 वीं पुण्यतिथि आज शनिवार 6 जुलाई को मनाई गई। इस अवसर पर नगर की रानी श्यामकुमारी देवी उच्चतर माध्यमिक हायक सेकेण्डरी कन्या शाला में प्रातः 9 बजे आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शाला प्रबंधन समिति के शिवकुमार सिंह ठाकुर एवं रमेन्द्र सिंह ठाकुर ने प्राचार्य टी. आर. वर्मा के साथ रानी साहिबा के चित्र की पूजा अर्चना कर माल्यार्पण करते हुए अपने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि इस अंचल में शिक्षा के विकास एवं शालाओं के शुरू करने में रानी साहिबा ने जो काम किया वह आज वटवृक्ष की तरह विशाल हो गया है। नगर की शासकीय ठाकुर दलगंजन सिंह उच्चतर माध्यमिक शाला एवं समीपस्थ ग्राम सेंदर में विद्या मंदिर की स्थापना रानी साहिबा के क्रमश 10 एकड़ एवं 32 एकड़ कृषि भूमि दान कर की थी। जो आज 60-65 वर्षो के बाद शनैः शनैः बढ़कर क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था की मिसाल है। श्री ठाकुर ने कहा उनके पद्चिन्हों पर चलते हुए 25 वर्ष पूर्व जिले में पहली कन्या हायर सेकेण्डरी शाला फिंगेश्वर नगर में मंदिर ट्रस्ट समिति द्वारा सफलता पूर्वक चलाई जा रही है। जिसमें ट्रस्ट समिति द्वारा शत प्रतिशत स्वयं के व्यय से प्रतिवर्ष 700 से 1000 छात्रों को निःशुल्क शिक्षा दी जाती है। प्राचार्य टी. आर. वर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष हमारी शाला का परीक्षाफल उत्कृष्टता के साथ अंचल में सर्वश्रेष्ठ परीक्षाफल रहता है। श्रद्धांजलि के उपरांत शाला की छात्राओं की रैली नगर भ्रमण करती हुई रानी श्यामकुमारी जिंदाबाद, रानी अमर रहे जैसे गगनभेदी नारा लगाते हुए नागरिकों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। रानी चौक में उपस्थित गणमान्य जनों, शाला के शिक्षकों, छात्रसंघ की पदाधिकारियों आदि ने रानी साहिबा की मूर्ति पर माल्यार्पण कर दो मिनट का मौन उपरांत राष्ट्रीय गान किया। कार्यक्रम में मंदिर ट्रस्ट समिति के शिवकुमार सिंह, रमेन्द्र सिंह, सनकादिक चौबे, प्राचार्य टी. आर. वर्मा, शिक्षकगण एवन साहू, सीमा ठाकुर, साधना साहू, कामिनी निषाद, किरणलता सोनी, पूजा घृतलहरे सहित शाला की सभी लगभग 700 छात्राएं उपस्थित थी।
There is no ads to display, Please add some


