धमतरी (गंगा प्रकाश)। जिले में अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने ग्राम सलोनी में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। दो दिनों में की गई इस संयुक्त कार्रवाई में मौके से कुल 130 लीटर हाथ भट्टी शराब तथा लगभग 1000 किलोग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया।
इस मामले में कायम प्रकरण क्रमांक–02, धारा 34(2), 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। कार्रवाई के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
उक्त कार्रवाई का नेतृत्व आबकारी उपनिरीक्षक निशांत साधु (वृत्त–नगरी) तथा आबकारी उपनिरीक्षक आशीष ध्रुव द्वारा किया गया।
वहीं कार्रवाई में मुख्य आरक्षक मुरली सोनी, राजेश यादव, प्रशांत यादव, नगर सैनिक ज्ञानिक ध्रुव, जितेन्द्र कोरे एवं ज्योति बंजारे का सराहनीय योगदान रहा, जिन्होंने प्रतिबंधित मदिरा के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की।
आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा, तथा जिले में इस तरह की गतिविधियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

There is no ads to display, Please add some


