गरियाबंद(गंगा प्रकाश)। जिले में पुलिस प्रशासन को नई कमान मिल गई है। भारतीय पुलिस सेवा (भापुसे) के अधिकारी वेदव्रत सिरमौर ने 23 दिसंबर 2025 को गरियाबंद जिले के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।
पदभार संभालने के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री सिरमौर ने जिले के समस्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों से परिचय बैठक की और उनके वर्तमान कार्यों, क्षेत्रीय चुनौतियों व प्राथमिकताओं की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय के समस्त कार्यालयीन स्टाफ एवं शाखा प्रभारियों की बैठक लेकर प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
बैठक के दौरान श्री सिरमौर ने सभी शाखा प्रभारियों को निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में वरिष्ठ कार्यालय को प्रतिवेदन एवं आवश्यक जानकारी भेजना सुनिश्चित करें, ताकि पुलिस कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और जवाबदेह बन सके।
नए पुलिस अधीक्षक ने संकेत दिए कि जिले में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। उनके पदभार ग्रहण करने से जिले के पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और सख्त प्रशासनिक कार्यशैली की उम्मीद जताई जा रही है।
There is no ads to display, Please add some


