2 चैन माउंटेन मशीन और रेत से भरा हाइवा जब्त, खनिज विभाग–पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से मचा हड़कंप
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले में लगातार बढ़ रहे अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए प्रशासन अब पूरी सख्ती के साथ मैदान में उतर चुका है। कलेक्टर बीएस उइके के निर्देशन में खनिज विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में बीते दो दिनों के भीतर अलग-अलग क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए 2 चैन माउंटेन मशीन और रेत से भरे एक हाइवा वाहन को जब्त किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 मई 2026 की देर रात लगभग 2:30 बजे खनिज विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम पितईबंद स्थित महानदी क्षेत्र में दबिश दी। लंबे समय से यहां अवैध उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके पर अवैध रूप से खनिज उत्खनन में लगी एक चैन माउंटेन मशीन को जब्त किया। रात के समय की गई इस कार्रवाई को प्रशासन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। सुरक्षा और निगरानी को ध्यान में रखते हुए जब्त मशीन को ग्राम पंचायत पितईबंद के सरपंच की सुपुर्दगी में सौंपा गया है।
बदहाली के आंसू रोती जीरम घाटी: वादों के फेर में दम तोड़ रही सुकमा की ‘लाइफलाइन’
इसी कार्रवाई के दौरान राजिम–फिंगेश्वर मार्ग पर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए एक हाइवा वाहन को भी पकड़ा गया। जांच के दौरान वाहन में रेत भरी पाई गई, जिसके संबंध में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हाइवा को जब्त कर लिया। वाहन को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए पांडुका थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
वहीं 25 मई 2026 को तहसील छुरा अंतर्गत ग्राम नांगझर में भी खनिज विभाग द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई। विभाग को यहां अवैध उत्खनन की सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर संबंधित मशीन एवं वाहन को जब्त कर थाना फिंगेश्वर की अभिरक्षा में रखा गया। अधिकारियों का कहना है कि संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई जारी है।
चमगादड़ों की हो रही मौत, पेड़ों से गिरते ही कुत्तों का बन रहे शिकार
खनिज विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। महानदी सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। विभाग का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की चोरी और नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में भी ऐसे मामलों में संयुक्त कार्रवाई तेज की जाएगी।
खनिज विभाग की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि यह पूरी कार्रवाई माइनिंग सहायक अधिकारी अर्चना ठाकुर एवं माइनिंग इंस्पेक्टर कोमल ध्रुव के नेतृत्व में संपन्न हुई। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध खनन या परिवहन की जानकारी मिले तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
