पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह, ग्रामीणों की सतर्कता से हुआ सनसनीखेज वारदात का खुलासा
गरियाबंद/मैनपुर (गंगा प्रकाश)। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत राजापड़ाव क्षेत्र के ग्राम गरीबा में हुए एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का खुलासा लगभग एक सप्ताह बाद हुआ है। पुरानी रंजिश के चलते पति-पत्नी की हत्या कर उनके शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया था। मामले के सामने आते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतकों की पहचान राजाराम नेताम एवं उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में ग्राम गरीबा निवासी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार किया है।

पुरानी रंजिश के चलते की गई हत्या
शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा ने बताया कि 6 जून 2026 को आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की नीयत से दोनों शवों को बोरे में भरकर गांव के श्मशान घाट में दफना दिया, ताकि घटना की जानकारी किसी को न हो सके।
ग्रामीणों की सतर्कता से खुला मामला
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब गांव के एक अन्य व्यक्ति के निधन के बाद ग्रामीण अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट पहुंचे। वहां उन्हें दो स्थानों पर ताजा खुदाई और दफनाए गए शवों जैसे निशान दिखाई दिए। ग्रामीणों को यह संदिग्ध लगा क्योंकि हाल के दिनों में गांव में किसी अन्य व्यक्ति की मृत्यु नहीं हुई थी।
गरियाबंद में विकास की नई सौगात: 24 लाख की लागत से बनेगा विशाल टिन शेड, भूमि पूजन के साथ कार्य का शुभारंभ
इसी दौरान ग्रामीणों को पिछले एक सप्ताह से लापता राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम की याद आई। संदेह गहराने पर ग्रामीणों ने तत्काल शोभा थाना पहुंचकर मामले की सूचना पुलिस को दी।

श्मशान घाट से निकाले गए शव
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ ग्राम गरीबा पहुंचे। प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत श्मशान घाट में खुदाई कराई गई, जहां से दो शव बरामद हुए। जांच के दौरान पुष्टि हुई कि दोनों शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के ही हैं।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और हत्या में शामिल तीनों आरोपियों लखीराम नेताम, रघुराम नेताम तथा नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हत्या के पीछे के कारणों तथा पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए अवशेष
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई की है। शवों के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
भीषण गर्मी में सूखे नल, पानी के लिए भटक रहे लोग: छुरा में मोटर पंप खराब होने से दो दिन से पेयजल संकट
एक सप्ताह तक दबा रहा यह दोहरा हत्याकांड सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण घटना की निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है।





