छुरा (गंगा प्रकाश)। एक ओर तापमान लगातार बढ़ रहा है, दूसरी ओर नगर पंचायत छुरा में पेयजल व्यवस्था जवाब दे गई है। मोटर पंप खराब होने से नगर की जलापूर्ति ठप पड़ गई है। हालात यह हैं कि कई वार्डों में दो दिनों से नलों में पानी नहीं आया है। लोग पीने के पानी के लिए हैंडपंप, बोरवेल और अन्य स्रोतों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
भीषण गर्मी के बीच पैदा हुए इस संकट ने नगरवासियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह होते ही पानी भरने के लिए हैंडपंपों और निजी बोरवेलों के पास लोगों की भीड़ जुट रही है। महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की समस्या नई नहीं है, लेकिन इस बार जलापूर्ति पूरी तरह बाधित होने से स्थिति गंभीर हो गई है। लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी प्रशासन को होने के बावजूद वैकल्पिक व्यवस्था समय पर नहीं की गई, जिससे संकट और गहरा गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रचा नया इतिहास, क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने दी बधाई
नगर के विभिन्न वार्डों में पानी नहीं पहुंचने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। नागरिकों का कहना है कि पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए उन्हें दर-दर भटकना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पानी भरने के लिए लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे विवाद की स्थिति भी बन रही है।

बार-बार जल रहा मोटर पंप, टंकी तक नहीं पहुंच रहा पानी
नगर पंचायत के अनुसार पेयजल संकट की मुख्य वजह मोटर पंप का बार-बार जलना है। मोटर पंप खराब होने के कारण पानी टंकी तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे नगर की पूरी जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है। पिछले दो दिनों से सुधार कार्य जारी है, लेकिन अभी तक सप्लाई सामान्य नहीं हो सकी है।
खाद-बीज संकट पर कांग्रेस का हल्लाबोल, सहकारी समिति में तालाबंदी कर राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन
जल्द सुधार का दावा
मुख्य नगर पालिका अधिकारी, नगर पंचायत छुरा ने बताया कि मोटर पंप बार-बार जल जाने के कारण पानी टंकी तक सप्लाई नहीं हो पा रही है। इसी वजह से नगर में पेयजल वितरण बाधित हुआ है। समस्या के समाधान के लिए पिछले दो दिनों से लगातार मरम्मत कार्य किया जा रहा है और जल्द ही जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
टैंकर से पानी पहुंचाने की मांग
जल संकट से जूझ रहे नागरिकों ने प्रशासन से प्रभावित वार्डों में तत्काल टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि जब तक जलापूर्ति व्यवस्था पूरी तरह बहाल नहीं होती, तब तक वैकल्पिक इंतजाम किए जाएं। नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।




