विधायक विक्रम मंडावी के साथ जिला पंचायत सीईओ से की शिकायत, सचिव पर डराने-धमकाने और राशि अपने पास रखने का आरोप
भूषण सेठिया
भैरमगढ़/बीजापुर। (गंगा प्रकाश)। जनपद पंचायत भैरमगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत ईतामपार के आश्रित ग्राम बोडगा के आदिवासी ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि में कथित अनियमितता का गंभीर आरोप लगाया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण बीजापुर पहुंचे और विधायक विक्रम मंडावी से मुलाकात कर अपनी शिकायत से अवगत कराया। इसके बाद ग्रामीणों ने विधायक के साथ जिला पंचायत बीजापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा हितग्राहियों की राशि वापस दिलाने की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उनके बैंक खातों में आवास निर्माण के लिए किस्त की राशि जमा हुई थी। इसके बाद ग्राम पंचायत सचिव कोमल निषाद कथित रूप से हितग्राहियों को बैंक ले गए और उनसे राशि निकलवाई। ग्रामीणों के अनुसार, राशि निकलने के बाद उन्हें मात्र 500-500 रुपये दिए गए, जबकि शेष राशि सचिव द्वारा अपने पास रख ली गई।
26 लाख रुपये की राशि का आरोप
ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में 40 हजार रुपये तथा द्वितीय किस्त के रूप में 55 हजार रुपये प्राप्त हुए थे। आरोप है कि बैंक से राशि निकलवाने के बाद हितग्राहियों को पूरी रकम नहीं दी गई। ग्रामीणों ने दावा किया कि इस तरह करीब 26 लाख रुपये की राशि कथित रूप से अपने पास रखी गई है। साथ ही आरोप लगाया गया कि अन्य हितग्राहियों को भी बैंक ले जाकर राशि निकलवाने का सिलसिला जारी है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि राशि अपने पास रखने के संबंध में सवाल करने पर उन्हें डराया-धमकाया जाता है तथा राशि नहीं देने पर जेल भेजवाने की धमकी दिए जाने की बात कही गई है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।
आवास निर्माण की उम्मीद को लगा झटका
ग्रामीणों ने कहा कि वे लंबे समय से नक्सल हिंसा से प्रभावित क्षेत्र में जीवन गुजारते रहे हैं। शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्हें उम्मीद थी कि उन्हें पक्का और सुरक्षित आवास मिल सकेगा। लेकिन आवास निर्माण के लिए मिलने वाली राशि का कथित रूप से उपयोग नहीं हो पाने से हितग्राही परेशान हैं और कई आवासों का निर्माण प्रभावित होने की बात कही गई है।
विधायक ने निष्पक्ष जांच की मांग की
मामले को लेकर विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसका अपना मकान हो। प्रधानमंत्री आवास योजना गरीब परिवारों के लिए महत्वपूर्ण योजना है। यदि योजना की राशि में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो यह गंभीर मामला है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
वहीं जिला पंचायत बीजापुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्रामीणों से प्राप्त शिकायत पर मामले की जांच कराने की बात कही है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रधानमंत्री आवास योजना की राशि के संबंध में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और जिम्मेदारी किसकी बनती है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र जांच कराकर पात्र हितग्राहियों को उनकी पूरी राशि उपलब्ध कराने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
