यदिनंद्रन नायर
बीजापुर (गंगा प्रकाश)। नगरपालिका परिषद बीजापुर अंतर्गत बीजा हल्बा नगर के वार्ड क्रमांक 03 (चालकीपारा) में वर्षों से क्षतिग्रस्त पुलिया के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन शुक्रवार को धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्राम प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
बताया गया कि उक्त पुलिया लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, जिसके कारण वार्डवासियों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी, जब पानी भर जाने के कारण लोगों का आना-जाना लगभग ठप हो जाता था। कई बार स्कूली बच्चों, बुजुर्गों एवं मरीजों को भी आवागमन में जोखिम उठाना पड़ता था।
ऐसी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए नगरपालिका परिषद द्वारा पुलिया निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई, जिसका भूमिपूजन आज संपन्न हुआ। क्षेत्रवासियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में ग्राम प्रमुख एवं देव सियान मेघनाथ मांझी, ग्राम प्रमुख रामशरण मांझी, परगना मांझी रामशंकर साहनी, पार्षद हितेश साहनी, ग्राम प्रमुख फागुराम साहनी, फूलचंद नाईक, सुखनाथ कुपाल तथा यतीन्द्रन नायर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि पुलिया बनने के बाद न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
स्थानीय नागरिकों ने उम्मीद जताई है कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होकर जल्द ही पूर्ण होगा, जिससे उन्हें वर्षों से चली आ रही समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।
There is no ads to display, Please add some
