यदिन्द्रन नायर
बीजापुर (गंगा प्रकाश)। जिले की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान बन चुका चिकटराज देव मंडई मेला इस वर्ष भी श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। मेले के समापन के बाद चिकटराज देव समिति, बीजापुर द्वारा जारी प्रेस नोट में आयोजन को सफल बनाने वाले सभी सहयोगी वर्गों के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया है।
समिति ने अपने वक्तव्य में कहा कि इस विशाल आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, वन विभाग, यातायात विभाग, नगर पालिका एवं स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित शासकीय विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासनिक अमले ने पूरी सजगता और समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया, जिससे मेले में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
इसके साथ ही समिति ने जिले के जनप्रतिनिधियों, व्यापारी वर्ग, सामाजिक संगठनों एवं बीजापुर के गणमान्य नागरिकों के योगदान को भी सराहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से मेले का आयोजन न केवल व्यवस्थित रहा, बल्कि इसकी भव्यता और गरिमा भी बनी रही। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने मेले को और भी जीवंत बना दिया।
समिति ने विशेष रूप से स्थानीय ग्रामीणों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि बीते एक माह से लगातार ग्रामीणों ने निस्वार्थ सेवा भाव के साथ मेले की व्यवस्थाओं में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई। चाहे व्यवस्था संभालने का कार्य हो, श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन की जिम्मेदारी हो या अन्य व्यवस्थाएं—हर क्षेत्र में ग्रामीणों की तत्परता और समर्पण देखने को मिला। उनके सहयोग के बिना इतने बड़े आयोजन का सफल संचालन संभव नहीं था।
मंडई में दूर-दूर से पधारे विभिन्न देवी-देवताओं एवं उनके सेवादारों—तलापति, वड्डे, गायता, पेरमा एवं देव प्रमुखों की भूमिका को भी समिति ने अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इन पारंपरिक सेवादारों ने अपनी परंपरागत जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आयोजन की धार्मिक और सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखा। उनके अनुशासन और समर्पण से मेले की परंपराएं जीवंत बनी रहीं।
स्वेच्छानुदान राशि पर बड़ा खुलासा या बड़ा सवाल? गरियाबंद में वायरल सूची से सियासी भूचाल
समिति ने कहा कि आप सभी के सहयोग, समर्पण एवं सक्रिय सहभागिता के चलते यह मेला सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका। आयोजन ने एक बार फिर बीजापुर की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और सामूहिक एकता का परिचय दिया है।
अंत में, चिकटराज देव समिति, बीजापुर ने सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों, नागरिकों एवं श्रद्धालुओं के प्रति पुनः हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग और सहभागिता की अपेक्षा व्यक्त की है।
