शुकदेव वैष्णव
महासमुंद (गंगा प्रकाश)। जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 1432 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम पोस्त डोडा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 14 लाख 80 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, उच्च अधिकारियों के निर्देशन में जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक पिकअप वाहन क्रमांक HR46 F 4848 में दो व्यक्ति ओडिशा की ओर से छत्तीसगढ़ की ओर अवैध अफीम पोस्त डोडा लेकर आ रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी की गई।
महासमुंद में अवैध महुआ शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 5 ठिकानों पर दबिश
कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार व्यक्तियों ने अपना नाम हरविंदर सिंह एवं सत्यवान वाल्मीकि, दोनों निवासी करनाल (हरियाणा) बताया। वाहन के पीछे रखी बोरियों की जांच करने पर उसमें भारी मात्रा में अफीम पोस्त डोडा पाया गया। पूछताछ में आरोपियों ने उक्त मादक पदार्थ को झारखंड के गुमला से रायपुर ले जाना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1432 किलोग्राम अफीम पोस्त डोडा (कीमत 2,14,80,000 रुपये), परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन (कीमत 10,00,000 रुपये) तथा दो मोबाइल फोन (कीमत 20,000 रुपये) जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 2 करोड़ 25 लाख रुपये आंका गया है।
महासमुंद पुलिस की कार्रवाई: अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, बाइक सहित 35 हजार की संपत्ति जब्त
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 18(ख) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस पूरी कार्रवाई को एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।
There is no ads to display, Please add some
