कोपरा नगर पंचायत में शीतला मंदिर से बस स्टैंड मार्ग पर जगह-जगह दरारें, नई सड़क निर्माण भी विवादों में
गरियाबंद/कोपरा (गंगा प्रकाश)। नगर पंचायत कोपरा में शीतला मंदिर से बस स्टैंड तक निर्मित सीसी सड़क निर्माण कार्य एक बार फिर सवालों के घेरे में है। स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण को अभी एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क में दरारें दिखाई देने लगी हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और लोगों में ठेकेदार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।


नगरवासियों का कहना है कि नई सड़क का इतनी कम अवधि में क्षतिग्रस्त होना यह दर्शाता है कि निर्माण कार्य में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया। लोगों ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि यही स्थिति रही तो आने वाले वर्षों में सड़क पूरी तरह खराब हो सकती है।
करंट से हुई मौत, अब जांच के घेरे में पुलिस की कार्रवाई
तकनीकी जांच की मांग
स्थानीय नागरिकों ने पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि निर्माण के दौरान न तो संबंधित इंजीनियर की नियमित मौजूदगी दिखाई दी और न ही नगर पंचायत के अधिकारियों द्वारा प्रभावी निगरानी की गई। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि लाखों रुपये की लागत से कराया गया निर्माण कार्य आखिर किसकी देखरेख में पूरा हुआ।
नागरिकों का कहना है कि यदि निर्माण में लापरवाही या मानकों की अनदेखी हुई है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए तथा क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाना चाहिए।

नए निर्माण कार्य पर भी उठे सवाल
इधर रामलाल तारक के घर से देवरहा तालाब मार्ग तक लगभग 7 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे सीसी सड़क निर्माण को लेकर भी लोगों ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने बिना नगर पंचायत और संबंधित इंजीनियर की मौजूदगी के ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसकी जानकारी नगर पंचायत को नागरिकों के माध्यम से मिली, जिसके बाद अधिकारी मौके पर निरीक्षण के लिए पहुंचे।
गेंदा फूल की खेती से बदली किसान हेमचंद साहू की तस्वीर
रेत के उपयोग को लेकर भी आरोप
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में पैरी नदी से बिना वैध रॉयल्टी के रेत लाकर उपयोग किया जा रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत परिवहन जारी है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मिलीभगत की चर्चाएं, जांच की मांग
क्षेत्र में ठेकेदार और कुछ जनप्रतिनिधियों की कथित मिलीभगत को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन नागरिकों ने जिला प्रशासन एवं नगरीय प्रशासन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक स्थिति सार्वजनिक करने की मांग की है।
नगर पंचायत अधिकारी का पक्ष
नगर पंचायत कोपरा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्याम लाल वर्मा ने कहा मुझे आपके माध्यम से निर्माण कार्य शुरू होने की जानकारी मिली है। मैं संबंधित इंजीनियर को भेजकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करवाता हूं।
जनता की प्रमुख मांगें
- शीतला मंदिर से बस स्टैंड तक सीसी सड़क की तकनीकी जांच कराई जाए।
- निर्माण गुणवत्ता की परीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
- दोषी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
- क्षतिग्रस्त सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए।
- निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
- अवैध रेत परिवहन एवं उपयोग की निष्पक्ष जांच की जाए।




