काला गुड़ा में ग्रामीणों से संवाद, उपभोक्ताओं से भरवाए आपत्ति आवेदन
ओमप्रकाश रजक
बकावंड/जगदलपुर (गंगा प्रकाश)। स्मार्ट मीटर लगाए जाने और बिजली बिलों में बढ़ोतरी के विरोध में नानगुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने ग्राम तिरिया सेक्टर के काला गुड़ा में जनसंपर्क अभियान चलाया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष फूलसिंह बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने गांव में घर-घर पहुंचकर बिजली उपभोक्ताओं से संवाद किया और स्मार्ट मीटर के विरोध में आवेदन भरवाए।
👉 जरूर पढ़ें: आदर्श ग्राम नेतानार में विकास के साथ आजीविका पर जोर
अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से बिजली बिल में बढ़ोतरी, स्मार्ट मीटर को लेकर उनकी आशंकाओं तथा बिजली से जुड़ी अन्य समस्याओं की जानकारी ली। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है। ऐसे में बिजली खर्च बढ़ने से गरीब, किसान, मजदूर और निम्न आय वर्ग के परिवारों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ता है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष फूलसिंह बघेल ने कहा कि कांग्रेस आम उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर लगातार गांव-गांव पहुंच रही है। स्मार्ट मीटर को लेकर ग्रामीणों के मन में जो सवाल और चिंताएं हैं, उन्हें सरकार को गंभीरता से सुनना चाहिए। उपभोक्ताओं की आपत्तियों को आवेदन के माध्यम से संबंधित स्तर तक पहुंचाया जा रहा है।
👉 जरूर पढ़ें: पोला पर सजा बैल, गूंजी छत्तीसगढ़ी संस्कृति की मिठास
उन्होंने कहा कि बिजली बिल व्यवस्था में पारदर्शिता और उपभोक्ताओं के हित को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों से अपील की कि वे स्मार्ट मीटर और बिजली बिल से संबंधित अपनी समस्याओं को सामने लाएं तथा लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आपत्ति दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

जनसंपर्क अभियान में लेखन बघेल, नीलुराम बघेल, धनसिंह बघेल, लच्छींधर नाग, चमन देहारी, रामेश्वर नाग, तुलाराम नाग, रूपनाथ कश्यप, सियाराम कश्यप सहित कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।





