जन्माष्टमी की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का पाठ; शिक्षकों को भेंट किए कलम, डायरी व डैशबोर्ड मोमेंटो
छुरा (गंगा प्रकाश)। नेशन्स प्राइड पब्लिक स्कूल, छुरा में कृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव, शिक्षक दिवस समारोह एवं साइबर जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। एक ही मंच पर भारतीय संस्कृति, गुरु-शिष्य परंपरा और आधुनिक डिजिटल सुरक्षा का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण की आकर्षक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों, पालकों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया। वहीं साइबर जागरूकता दल ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन अपराधों एवं डिजिटल ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए।
जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल रहा। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा के स्वरूप में सजकर पहुंचे। बाल कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा, आकर्षक प्रस्तुतियों और भावपूर्ण अभिनय ने कार्यक्रम में भक्ति एवं उल्लास का रंग भर दिया। विद्यार्थियों ने श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप, उनकी लीलाओं तथा प्रेम, करुणा, सत्य और धर्म के संदेश को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया। बच्चों की प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित पालकों एवं शिक्षकों ने जमकर सराहना की।

गुरुजनों के सम्मान में विद्यार्थियों ने व्यक्त की कृतज्ञता
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक दिवस समारोह भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं आदर्शों से प्रेरणा लेने तथा शिक्षा के वास्तविक महत्व को समझने का संदेश दिया।
👉 जरूर पढ़ें – CG NEWS: शिक्षक दिवस पर डीएसपी गरिमा दादर ने के.आर. सिन्हा समेत तीन शिक्षकों को किया सम्मानित
विद्यालय के संरक्षक एवं सेवानिवृत्त व्याख्याता के.आर. सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान प्रदान करने वाले व्यक्ति नहीं होते, बल्कि वे विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने और उनके व्यक्तित्व का निर्माण करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने, अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने तथा निरंतर सीखते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। उनके प्रेरक संबोधन से विद्यार्थियों में शिक्षा एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत हुई।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षकों को कलम, डायरी एवं डैशबोर्ड मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त कर शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

साइबर अपराधों से बचने विद्यार्थियों को किया जागरूक
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा साइबर जागरूकता रहा। साइबर जागरूकता दल के सदस्यों ने विद्यार्थियों को वर्तमान समय में बढ़ते ऑनलाइन अपराधों, साइबर ठगी एवं सोशल मीडिया से जुड़े जोखिमों के प्रति सचेत किया। विद्यार्थियों को बताया गया कि अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक नहीं करना चाहिए और किसी भी परिस्थिति में अपना OTP, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
साइबर जागरूकता दल ने सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर तत्काल अभिभावकों अथवा संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने की सलाह दी। विद्यार्थियों को समझाया गया कि डिजिटल तकनीक सुविधाजनक होने के साथ-साथ सावधानी की भी मांग करती है और थोड़ी सी असावधानी आर्थिक नुकसान के साथ-साथ व्यक्तिगत जानकारी के दुरुपयोग का कारण बन सकती है।
पालकों ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम में पालक समिति के अध्यक्ष टेमन लाल साहू सहित कमलेश चक्रधारी, मितेश सोनी, संतु निषाद, राकेश प्रसाद, लिली चक्रधारी, रामबाई सिन्हा, गंगा ओगरे एवं आरती प्रिया उपस्थित रहे। पालकों ने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रमों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।
👉 जरूर पढ़ें – CG NEWS : गुरुओं के सम्मान में सजा शिक्षक दिवस समारोह
पालकों ने कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आयोजन बच्चों के भीतर आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में सहायक होते हैं। साथ ही भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से बच्चों का जुड़ाव भी मजबूत होता है।

संस्कार और आधुनिक जागरूकता दोनों जरूरी : ललित साहू
विद्यालय के संचालक ललित कुमार साहू ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी, शिक्षक दिवस और साइबर जागरूकता जैसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को संस्कार, संस्कृति, शिक्षा और आधुनिक समय की चुनौतियों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में बच्चों के लिए अपनी संस्कृति और परंपराओं को समझना जितना आवश्यक है, उतना ही डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहना भी जरूरी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार निषाद ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों, पालकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की सफलता में शिक्षक कृष्णेश कुमार यादव, पुष्पेंद्र नागवंशी, हेमनारायण साहू, जया यादव, हसी साहू, मंजुलता साहू, चित्रांजनी निषाद, अर्चना साहू, राजकुमारी ठाकुर, मोनिका साहू, काजल राजपूत, राजेश्वरी सिन्हा, अंजली ध्रुव एवं उमेश्वरी यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं स्टाफ सदस्य दशमत नेताम, हेमा, राधा, डिगेश, यश यादव, धन्नू सोरी, शेखर एवं गैंदलाल ध्रुव ने भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान किया।
इस प्रकार विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम ने भक्ति, संस्कृति, गुरु सम्मान और साइबर सुरक्षा को एक साथ जोड़ते हुए विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ उपयोगी एवं प्रेरणादायक संदेश दिया।





