छुरा (गंगा प्रकाश)। ग्राम पंचायत कुटेना स्थित प्रसिद्ध सिरकट्टी आश्रम धाम एवं गुरुकुल परिसर में विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम विधायक रोहित साहू रहे, जबकि अध्यक्षता महामंडलेश्वर संत सिया गोवर्धन शरण महाराज ने की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, संत समाज, श्रद्धालुओं एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान सिरकट्टी आश्रम धाम में 50 लाख रुपये की लागत से बनने वाले समरसता भवन, मुख्य मार्ग से आश्रम धाम तक 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क तथा आश्रम परिसर में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित टीना शेड का लोकार्पण किया गया। वहीं ग्राम कुटेना में 28.51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उपस्वास्थ्य केंद्र तथा शीतला मंदिर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन सहित अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मानस संस्कृति के प्रसार में आश्रम की अहम भूमिका
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि सिरकट्टी आश्रम धाम केवल धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक चेतना का महत्वपूर्ण केंद्र है। श्रीरामचरित मानस के प्रचार-प्रसार और मानस संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने में आश्रम की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के गांव-गांव में मानस सम्मेलन एवं रामकथा जैसे आयोजन होना हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की पहचान है।
👉 जरूर पढ़ें:माओवाद मुक्त क्षेत्र में ग्रामीणों की नई आवाज, अब चाहिए सड़क और स्वास्थ्य सुविधा
उन्होंने आश्रम द्वारा गौसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां लगभग 400 बच्चों के लिए आवासीय गुरुकुल का संचालन किया जा रहा है। यह सनातन संस्कृति, संस्कार और शिक्षा के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
विधायक ने कहा कि प्राचीन भारत में गुरुकुल शिक्षा व्यवस्था की आधारशिला थे, जहां विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन, सेवा, संस्कार एवं संस्कृति का ज्ञान दिया जाता था। सिरकट्टी आश्रम इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहा है। आधुनिक शिक्षा के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ना वर्तमान समय की आवश्यकता है।
धर्म, सेवा और संस्कार का केंद्र है गुरुकुल
महामंडलेश्वर संत सिया गोवर्धन शरण महाराज ने कहा कि सिरकट्टी आश्रम धाम वर्षों से धर्म, सेवा, संस्कार, गौसेवा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। गुरुकुल के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों का संस्कार दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विधायक रोहित साहू के क्षेत्र का प्रतिनिधित्व संभालने के बाद आश्रम के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। नए विकास कार्यों से श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा आश्रम की गतिविधियों का भी विस्तार होगा।
👉 जरूर पढ़ें:स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस का घर-घर जनसंपर्क
महामंडलेश्वर ने कहा कि श्रीरामचरित मानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और भारतीय संस्कारों का मार्गदर्शक है। मानस के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी का दायित्व है।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी, भाजपा जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू, जनपद उपाध्यक्ष कुलेश्वर सोनवरी, मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, प्रदेश साहू संघ उपाध्यक्ष भुवनेश्वर साहू, सरपंच गणेशी दिवान सहित टीकम साहू, प्रेमलाल साहू, डोमार साहू, गौतम शर्मा, रेखा साहू, तारा साहू, कलीराम साहू, नागेंद्र साहू, हेमंत निर्मलकर, लोचन साहू, मुन्नालाल देवदास सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने आश्रम की धार्मिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए विकास कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।
