गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले में आयोजित एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम उस समय यादगार बन गया, जब विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और अभियंताओं की मौजूदगी में कला और संगीत का ऐसा संगम देखने को मिला, जिसने पूरे माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम में जहां कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया, वहीं अंतिम चरण में गरियाबंद डीएसपी गोपाल वैश्य की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नया रंग भर दिया।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पेंशनर संघ के अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के पूर्व जिला संयोजक प्रदीप कुमार वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। भोपाल राव पवार पॉलिटेक्निक महाविद्यालय रुद्री के पूर्व प्राचार्य लोकेंद्र सिंह कोमर्रा, लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता रामेश्वर सिंह तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता विप्लव घृत लहरे की गरिमामय उपस्थिति रही।
👉 जरूर पढ़ें: रामधुनी की गूंज के बीच खुला विकास का पिटारा! कोकड़ी को मिली 52 लाख की सौगात, जानिए किन कामों से बदलेगी गांव की तस्वीर
कार्यक्रम की अध्यक्षता डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के जिलाध्यक्ष संजीव कुमार गुप्ता ने की। इस अवसर पर संघ के कोषाध्यक्ष सुशांत कुमार त्रिपाठी, संरक्षक तारानाथ, संतोष कुमार साहू, नवीन कुमार चंद्राकर, उगेश कुमार मंडावी, इंद्रजीत सिंह कंवर, भगवान चंद्राकर सहित विभिन्न विभागों के अभियंता एवं अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कलाकारों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या में अलग-अलग स्थानों से पहुंचे कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूनम वाजपेयी, राजनांदगांव की अदिति राज, ओडिशा के सुबोध फ्रेंक्लिन, रायपुर के उत्तम पवार, गरियाबंद के हरीश ठक्कर, विजय कुमार सिन्हा, राजिम के आशीष शिंदे, तरुणा पाण्डेय, नेमीचंद यादव, रूपेश शर्मा, हीरालाल साहू, मंगलमूर्ति सोनी, विनोद देवांगन, संजय महाणिक, दिनेश्वर साहू, आशीष ठक्कर, कांति साहू, ऋषि साहू, धनंजय हरित, चिंटू साहू, गौरव पटेल सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियां दीं।
कलाकारों की प्रस्तुतियों के दौरान कार्यक्रम स्थल पर तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देती रही। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
अंत में मंच पर आए डीएसपी, साइबर क्राइम से बचाव का दिया संदेश
कार्यक्रम के अंतिम चरण में गरियाबंद जिले के डीएसपी गोपाल वैश्य ने साइबर क्राइम से बचाव को लेकर जागरूकता संदेश प्रस्तुत किया। उन्होंने मनोरंजन के साथ साइबर अपराधों से सतर्क रहने और ऑनलाइन ठगी से बचने का संदेश दिया।
👉 जरूर पढ़े: शिक्षा विभाग की प्रश्नपत्र गोपनीयता पर सेंध, प्राथमिक के बाद मिडिल स्कूल का पेपर भी वायरल
इसके बाद डीएसपी श्री वैश्य ने ‘झुंझुन झुमरू’ गीत की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। पुलिस अधिकारी की इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम के माहौल को और भी खास बना दिया।
कार्यक्रम में एक ओर जहां अभियंताओं एवं अधिकारियों की सहभागिता देखने को मिली, वहीं दूसरी ओर कला और सामाजिक जागरूकता का अनूठा मेल भी नजर आया। कार्यक्रम के समापन तक दर्शक प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे और कलाकारों का उत्साहवर्धन करते रहे।
