17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विविध कार्यक्रम, शाम 7 बजे जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प को लेकर गरियाबंद जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों को लेकर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने गरियाबंद विश्राम गृह में जनप्रतिनिधियों, जिला संगठन पदाधिकारियों और अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अभियान की सभी गतिविधियों को गांव से लेकर जिला मुख्यालय तक व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित करने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम बनकर न रह जाए, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो। उन्होंने अधिकारियों को तिथिवार कार्यक्रमों का कैलेंडर तैयार कर सभी गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन करने तथा जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

17 सितंबर को जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इस दौरान देशभर के साथ गरियाबंद जिले में भी दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, भूतेश्वर नाथ मंदिर परिसर और राजिम त्रिवेणी संगम सहित विभिन्न मंदिरों में सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी की जाएगी। शासकीय संस्थानों में भी दीप जलाए जाएंगे तथा लोगों को अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
👉 जरूर पढ़ें: तीजा में कुछ ऐसा होने जा रहा है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में होगी!
प्रभारी मंत्री ने पर्याप्त संख्या में दीप की व्यवस्था करने और घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक नागरिकों को कार्यक्रम से जोड़ने के निर्देश दिए। आयोजन की फोटो एवं वीडियो कवरेज भी कराई जाएगी।
बच्चों की कल्पना में दिखेगा विकसित भारत
17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत भाषण और ड्राइंग प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें विकसित भारत, जनसेवा और पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों को विषय बनाया जाएगा। उत्कृष्ट रचनाओं की प्रदर्शनी लगाने के साथ प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

नुक्कड़ नाटक से गांव-गांव पहुंचेगा संदेश
‘सेवा स्मरण’ के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक गांवों, विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों तक सरल भाषा में पहुंचाई जाएगी।
इसी तरह 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम होगा। इसमें माताओं और बच्चों को पोषण, मातृ स्वास्थ्य, टीकाकरण तथा महिला-बाल कल्याण योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान और माताओं के साथ संवाद पर भी जोर दिया गया है।
‘कहानी बदलाव की’ बताएगी विकास की तस्वीर
अभियान के दौरान ‘कहानी बदलाव की’ के तहत योजनाओं से लोगों के जीवन में आए वास्तविक बदलावों को सामने लाया जाएगा। ‘तब और अब’ के माध्यम से सड़क, आवास, पेयजल, संचार, डिजिटल सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में हुए परिवर्तन की वास्तविक कहानियां संकलित की जाएंगी।
👉 जरूर पढ़ें:गुरुकुल से गांव तक बदलेगी तस्वीर… सिरकट्टी आश्रम में विकास की बड़ी सौगात, भूमिपूजन-लोकार्पण से बढ़ी उम्मीदें
वहीं ‘सेवा रंग’ और ‘सेवा मेरा योगदान’ के माध्यम से युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और आम नागरिकों को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। स्वच्छता, नदी-घाटों की सफाई और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप जनहित के कार्य भी कराए जाएंगे।
शिविरों में मौके पर मिलेगा योजनाओं का लाभ
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत आयोजित शिविरों को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया है। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि शिविर केवल योजनाओं की जानकारी देने तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन कार्ड सहित पात्रता आधारित विभिन्न योजनाओं से लोगों को लाभान्वित करने की कार्रवाई की जाएगी, ताकि हितग्राहियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
चौक-चौराहों पर रंगोली और चित्रकारी
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर विकसित भारत, जनसेवा और शासन की उपलब्धियों की थीम पर भव्य रंगोली एवं चित्रकारी कराई जाएगी। इन गतिविधियों का ड्रोन से एरियल कवरेज भी कराया जाएगा।
बैठक में छत्तीसगढ़ भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, राजिम विधायक रोहित साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, अनिल चंद्राकर, अमित चिमनानी, कलेक्टर रणबीर शर्मा, एसपी वेदव्रत सिरमौर, डीएफओ मयंक पांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे सहित जनप्रतिनिधि, जिला संगठन पदाधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





