मिलन राय -कोंडागाँव (गंगा प्रकाश) खरीफ सीजन की शुरुआत से पहले डीजल की कमी को लेकर किसानों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर दिखाई दिया। उमरकोट (ओड़िशा)-कोण्डागांव मार्ग स्थित भगदेवा HP पेट्रोल पंप के सामने सैकड़ों किसान सड़क पर बैठ गए और जाम लगा दिया। किसानों का आरोप है कि, पहले 2000 रुपये, फिर 1000 रुपये और अब केवल 500 रुपये का डीजल दिया जा रहा है, जिससे खेती-किसानी का काम प्रभावित हो रहा है।
किसानों ने कहा कि हाल ही में हुई बारिश के बाद खेतों की जुताई और अन्य कृषि कार्यों का समय शुरू हो गया है, लेकिन पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं मिलने से वे भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी किसानों की मांग थी कि, प्रत्येक किसान को कम से कम 3000 रुपये का डीजल उपलब्ध कराया जाए, जबकि कुछ किसानों ने 5000 रुपये तक का डीजल देने की मांग भी रखी।
जनपद सदस्य जेठूराम पोयाम ने कहा कि, खेती के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण समय है और इतनी कम मात्रा में डीजल मिलने से किसानों का काम नहीं चल सकता। उनका कहना था कि ट्रैक्टर को खेत तक ले जाने में ही 500 रुपये का डीजल खर्च हो जाता है। इसी प्रकार नेवता के संजय करण, किसान टीलाराम बघेल और माकड़ी ब्लॉक के दिनेश कुमार कश्यप ने भी पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
वहीं, बीएस एनर्जी पेट्रोल पंप के संचालक पुखराज बघेला ने किसानों के आरोपों पर कहा कि, शासन के निर्देशों के अनुसार डब्बों में डीजल देना प्रतिबंधित है। इसके बावजूद किसानों की सुविधा को देखते हुए 500 रुपये तक का डीजल दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि डिपो से पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिसके कारण स्टॉक की समस्या बनी हुई है।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारी तथा जवान मौजूद रहे। नायब तहसीलदार नरेंद्र सिंह ने किसानों को समझाइश दी और बताया कि, दूर-दराज से आने वाले किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ डब्बों में डीजल प्राप्त कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा जागरूकता बढ़ाने और आवश्यक जानकारी किसानों तक पहुंचाने का आश्वासन दिए जाने के बाद किसानों ने जाम समाप्त कर दिया। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जा सकता है।




