छुरा (गंगा प्रकाश)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत कनसिंघी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल अपनी पुलिस टीम के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं को नवीन कानूनों, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग, पॉक्सो अधिनियम, समाधान एवं अभिव्यक्ति ऐप तथा नशामुक्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।

थाना प्रभारी ज्ञानेश्वर सिंह गंगवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।
एनआरसी में आपत्तिजनक हरकत का मामला! महिला की शिकायत के बाद CCTV जांच में आरोपों की पुष्टि, सफाई सुपरवाइजर पर कार्रवाई के निर्देश
कार्यक्रम में पुलिस टीम ने बच्चों को पॉक्सो अधिनियम के तहत उनके अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी। साथ ही समाधान एवं अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
1.99 लाख की मरम्मत या सिर्फ कागजी खेल? कोसमकानी की दो पुलियों ने खोल दी विकास कार्यों की परतें

इस अवसर पर ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचगण, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्रामीणजन एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने इस जागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में कानून के प्रति जागरूकता, आत्मविश्वास एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





