अकलतरा के तरौद चौक के पास हादसा, टक्कर के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार; घायलों को बिलासपुर किया गया रेफर
सत्येन्द्र बंजारे
जांजगीर-चांपा (गंगा प्रकाश)। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-49 (NH-49) पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दुर्घटना को अंजाम देने वाला अज्ञात ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, अकलतरा के तरौद चौक से करीब 100 मीटर आगे जांजगीर की ओर एक हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक CG11 BV 6985 पर तीन युवक जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
गंगा प्रकाश की खोजी पड़ताल के बाद गरमाई सियासत: तुमलपाड़ क्रशर प्लांट पहुंची कांग्रेस, BRO परियोजना पर उठे गंभीर सवाल
हादसे में मनीष मरावी, पिता दिलहलर मरावी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सूरज यादव (26), पिता भुजबल यादव, निवासी किरारी तथा उमेश केवट (21), पिता बिहारी लाल केवट गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया।
एम्बुलेंस टीम ने पहुंचकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जय मां कर्मा एम्बुलेंस के पारस साहू एवं उनकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के सहयोग से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी एवं थाना प्रभारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कराई।

फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ट्रक की पहचान करने में जुटी है।
गरियाबंद में आदिवासी विकास विभाग पर भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही के गंभीर आरोप
फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के कारणों और घटना से जुड़ी अन्य परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।




