छुरा (गंगा प्रकाश)। खरीफ सीजन के दौरान किसानों को खाद, बीज और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी एवं किसान कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को छुरा में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति में प्रतीकात्मक तालाबंदी कर केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खरीफ फसलों की बुआई का समय नजदीक है, लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज और डीजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसके कारण किसानों को समितियों और दुकानों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं तथा खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है। समय पर कृषि सामग्री उपलब्ध नहीं होने से फसल उत्पादन पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका जताई गई।
पंचायतनामा के बाद बढ़ा राशन घोटाले का विवाद: कमी की पुष्टि के बावजूद वसूली अधर में
धरना सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने कहा कि प्रदेश के किसान खाद-बीज के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। उन्होंने कहा कि किसानों की अनदेखी कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी और किसानों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस कमेटी जिला अध्यक्ष मंजू ध्रुव ने भी किसानों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि कृषि आधारित परिवारों की आर्थिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर ग्रामीण महिलाओं पर भी पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने तथा कृषि व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की।

जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष बालमुकुंद मिश्रा ने कहा कि कृषि प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन किसानों को समय पर खाद, बीज और डीजल नहीं मिलना चिंता का विषय है। उन्होंने कृषि व्यवस्था को अव्यवस्थित बताते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष माहेश्वरी शाह ने कहा कि किसान खाद-बीज की कमी, डीजल-पेट्रोल एवं रसोई गैस की बढ़ती कीमतों, बिजली दरों में वृद्धि तथा अवैध रेत खनन जैसी अनेक समस्याओं से जूझ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करेगी।
प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने पर छुरा में भव्य महाआरती, खाद्य आयोग अध्यक्ष संदीप शर्मा ने कहा— विकास और विरासत के संगम से विश्व मंच पर मजबूत हुआ भारत
धरना-प्रदर्शन में यशपेंद्र शाह, समद खान, राजकुमारी सोनी, भानु प्रताप भारद्वाज, हाजी चिराग अली, मंजू ध्रुव, पुष्पा ध्रुव, रमेश शर्मा, शमीम खान, सलीम मेमन, अवधेश प्रधान, बालमुकुंद चंद्राकर, रमेश चंद्राकर, पंचराम टंडन, रामजी दीवान, देवसिंह नेताम, शांतनु देवांगन, रिखीराम यादव, पुनीत ध्रुव, केवल साहू, चैतन ठाकुर, नीलकंठ ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री हरीश यादव ने किया।





