छुरा(गंगा प्रकाश)। शासन-प्रशासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस लगातार जनजागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के दिशा-निर्देशन पर थाना छुरा पुलिस द्वारा ग्राम पंचायत सेमहरा तथा उसके आश्रित ग्राम सेंदबाहारा और छतरपुर में विशेष जनसंपर्क एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी टीकाराम ध्रुव, बीट क्रमांक-07 के बीट प्रभारी प्रधान आरक्षक जय प्रकाश मिश्रा एवं महिला आरक्षक सहित पुलिस टीम ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद स्थापित किया। इस दौरान गांव के बेरोजगार युवक-युवतियों की जानकारी एकत्रित की गई तथा उनकी शैक्षणिक योग्यता, कौशल, रोजगार संबंधी आवश्यकताओं और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
अंडा प्रेमियों के लिए चेतावनी! अंडे के अंदर मिले कीड़े, खाद्य सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
पुलिस अधिकारियों ने युवाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारमूलक एवं स्वरोजगार योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि कौशल विकास प्रशिक्षण, स्वरोजगार योजनाओं, सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रमों और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। कई बार जानकारी के अभाव में पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। ऐसे में पुलिस और प्रशासन मिलकर लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और सामाजिक अपराधों की रोकथाम के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने बताया कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान लिंक, कॉल या लालच भरे संदेशों से सावधान रहना आवश्यक है। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई।
ओडिशा से छत्तीसगढ़ पहुंच रही थी गांजे की खेप, 13.775 किलो गांजा सहित 5 तस्कर दबोचे
ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गांव स्तर पर पहुंचकर योजनाओं की जानकारी देने से युवाओं को नई दिशा मिलेगी और वे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुड़ सकेंगे। ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की मांग की।
पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ समाज में जागरूकता फैलाना, युवाओं को सकारात्मक दिशा देना तथा शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में इस प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे।
