गरियाबंद/छुरा (गंगा प्रकाश)। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने के लिए लागू किए गए वीएसके (VSK) ऐप में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर शिक्षकों के बीच व्याप्त चिंता के बीच राहत भरी खबर सामने आई है। पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय ने कहा है कि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वीएसके ऐप की तकनीकी खामियों के कारण किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षकों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और तकनीकी बाधाओं का शीघ्र समाधान कराया जा रहा है।
संतोष उपाध्याय ने बताया कि पिछले कुछ समय से प्रदेश के विभिन्न शिक्षक संगठनों एवं शिक्षकों द्वारा वीएसके ऐप में लॉगिन, लोकेशन, सर्वर, उपस्थिति दर्ज होने तथा अन्य तकनीकी दिक्कतों की शिकायतें लगातार सरकार तक पहुंचाई जा रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं तकनीकी विशेषज्ञों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शिक्षकों को परेशान करना नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और डिजिटल रूप से सशक्त बनाना है।
धान की परंपरागत खेती छोड़ आधुनिक तकनीक से लिखी सफलता की नई कहानी
उन्होंने जानकारी दी कि शिक्षा विभाग ने 15 अगस्त तक वीएसके ऐप की सभी प्रमुख तकनीकी खामियों को दूर करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए तकनीकी टीम लगातार कार्य कर रही है, ताकि ऐप पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो सके और शिक्षकों को बिना किसी परेशानी के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि जब तक तकनीकी समस्याओं का पूर्ण समाधान नहीं हो जाता, तब तक किसी भी शिक्षक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
पूर्व विधायक ने प्रदेश के शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य के लगभग 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से करीब डेढ़ लाख शिक्षक, यानी लगभग 85 प्रतिशत शिक्षक, प्रतिदिन वीएसके ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कर रहे हैं। यह दर्शाता है कि प्रदेश के शिक्षक नई तकनीक को अपनाने के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ सहयोग कर रहे हैं।
शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक कथित कृत्य ! स्कूल कार्यालय में कथित रूप से शराब पीते मिले दो शिक्षक, पत्रकारों से अभद्रता का भी आरोप
उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने का ही कार्य नहीं कर रहे हैं, बल्कि शासन की डिजिटल व्यवस्थाओं को सफल बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार शिक्षकों के अनुशासन, समर्पण और सकारात्मक सहयोग का सम्मान करती है तथा उनकी प्रत्येक व्यावहारिक समस्या का समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
संतोष उपाध्याय ने विश्वास व्यक्त किया कि शिक्षकों से प्राप्त सुझावों, अनुभवों और फीडबैक के आधार पर वीएसके ऐप को और अधिक सरल, उपयोगी तथा प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के सभी शिक्षकों से अपील की कि वे तकनीकी सुधार की प्रक्रिया में धैर्य बनाए रखें और शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक एवं पारदर्शी बनाने के इस अभियान में अपना सहयोग निरंतर जारी रखें। उन्होंने दोहराया कि सरकार का उद्देश्य शिक्षकों की सुविधा बढ़ाना है, न कि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों में डालना।
