कृष्णा दीवान
धमतरी(गंगा प्रकाश)। दो माह पूर्व पिकनिक के दौरान युवक पर चाकू से हमला कर फरार हुए आरोपी को करेलीबड़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 फरवरी 2026 को ग्राम बुडेनी निवासी त्रिभुवन साहू (25 वर्ष) अपने साथियों के साथ पैरी नदी रेत घाट में पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान गांव का ही त्रिलोकी साहू वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए मुर्गा-शराब के लिए जबरन पैसे मांगने लगा।
गांव-गांव पहुंचेगी बैंकिंग की समझ: नाबार्ड की साक्षरता वैन से बदलेगी तस्वीर
पैसे नहीं देने पर आरोपी ने आवेश में आकर चाकू से प्रार्थी के बाएं कुल्हे पर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के बाद घायल युवक को उसके साथियों द्वारा उपचार के लिए शासकीय अस्पताल गोबरा नवापारा ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। मामले की रिपोर्ट 9 फरवरी 2026 को चौकी करेलीबड़ी में दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

करेलीबड़ी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर पर्याप्त साक्ष्य जुटाए। इसके बाद आरोपी त्रिलोकी साहू (25 वर्ष), पिता शिवनारायण साहू, निवासी ग्राम बुडेनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त चाकू भी जब्त किया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 27/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(2), 119(1), 118(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
करेलीबड़ी पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित गंभीर घटनाओं को टालने में सफलता मिली है।

There is no ads to display, Please add some


