मोबाइल-टीवी से दूर रहकर बच्चे सीख रहे ज्ञान और खेल रहे मैदान में खेल
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। आज के दौर में जहां बच्चों का अधिकांश समय मोबाइल फोन, टीवी और डिजिटल स्क्रीन पर बीत रहा है, वहीं गरियाबंद पुलिस ने एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल करते हुए पुलिस कॉलोनी में रहने वाले बच्चों के लिए गर्मी की छुट्टियों को ज्ञानवर्धक और रचनात्मक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर की संवेदनशील सोच और मार्गदर्शन में पुलिस लाइन स्थित लाइब्रेरी में बच्चों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई, रचनात्मक गतिविधियों और खेलकूद से जोड़ना है ताकि वे छुट्टियों का सदुपयोग कर सकें और मानसिक एवं शारीरिक रूप से मजबूत बन सकें।

लाइब्रेरी में बच्चों के लिए विशेष पुस्तकों की व्यवस्था
पुलिस लाइन की लाइब्रेरी में बच्चों की रुचि को ध्यान में रखते हुए कॉमिक्स, प्रेरणादायक कहानियां, ज्ञानवर्धक पुस्तकें, सामान्य ज्ञान से जुड़ी सामग्री तथा महापुरुषों की जीवनियां उपलब्ध कराई गई हैं। बच्चे अब प्रतिदिन लाइब्रेरी पहुंचकर पढ़ाई के साथ नई-नई जानकारियां हासिल कर रहे हैं।
पुलिस विभाग का मानना है कि बचपन से ही पढ़ने की आदत बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किताबें बच्चों में सकारात्मक सोच, अनुशासन और ज्ञान की भावना विकसित करती हैं। यही वजह है कि विभाग द्वारा बच्चों को डिजिटल स्क्रीन से दूर कर पुस्तकों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
5.760 लीटर अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, राजिम पुलिस की कार्रवाई
खेल सामग्री भी बनी आकर्षण का केंद्र
सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि बच्चों के शारीरिक विकास को भी इस पहल में प्राथमिकता दी गई है। पुलिस विभाग द्वारा बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार की खेल सामग्री उपलब्ध कराई गई है। शाम के समय पुलिस कॉलोनी के बच्चे खेल मैदान में पहुंचकर खेलकूद का आनंद ले रहे हैं।
खेल गतिविधियों से बच्चों में टीम भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी समन्वय की भावना विकसित हो रही है। लंबे समय तक मोबाइल और टीवी में व्यस्त रहने वाले बच्चे अब मैदान में सक्रिय दिखाई दे रहे हैं, जिससे परिजनों में भी खुशी का माहौल है।

पुलिस अधीक्षक ने बताई पहल की सोच
इस पहल को लेकर पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि पुलिस कर्मियों की ड्यूटी बेहद व्यस्त और चुनौतीपूर्ण होती है। दिन-रात कानून व्यवस्था संभालने में लगे रहने के कारण कई बार वे अपने बच्चों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते। ऐसे में यह जरूरी है कि बच्चों की छुट्टियां सकारात्मक माहौल में बीतें और वे अच्छी गतिविधियों से जुड़े रहें।
उन्होंने कहा कि किताबें बच्चों को सही दिशा देती हैं, जबकि खेल उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ और मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं। इसी सोच के साथ पुलिस विभाग ने यह पहल शुरू की है ताकि बच्चे छुट्टियों में कुछ नया सीख सकें और स्वस्थ वातावरण में समय बिता सकें।
नाश्ते के पैसे को लेकर विवाद, महिला की ब्लेड से हत्या
परिजनों ने जताया आभार
गरियाबंद पुलिस की इस पहल को पुलिस कॉलोनी के बच्चों और उनके परिजनों ने काफी सराहा है। परिजनों का कहना है कि आज के समय में बच्चों को मोबाइल और टीवी से दूर रखना बड़ी चुनौती बन गई है, ऐसे में पुलिस विभाग की यह पहल बेहद उपयोगी साबित हो रही है।
बच्चों ने भी लाइब्रेरी और खेल सामग्री मिलने पर खुशी जाहिर की। परिजनों ने जिला पुलिस प्रशासन और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह प्रयास बच्चों के बेहतर भविष्य और उनके सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।




