जन्मशताब्दी वर्ष पर ABVP का भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि
रायपुर (गंगा प्रकाश)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) रायपुर द्वारा संगठन के शिल्पकार प्रो. यशवंतराव केलकर के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में “प्रिय केलकर जी” एवं स्थायी कार्यकर्ता सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए पूर्व एवं वर्तमान कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं संघ परिवार से जुड़े सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। आयोजन स्थल पूरे समय उत्साह, ऊर्जा और संगठनात्मक भावनाओं से ओतप्रोत नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री हरीश लूनिया उपस्थित रहे, वहीं विशेष अतिथि के रूप में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, भाजपा प्रदेश महामंत्री नवीन मारकंडे, वक्फ बोर्ड अध्यक्ष सलीम राज, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन तथा ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रो. केलकर के संगठन निर्माण में दिए गए योगदान, उनके विचारों और युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की उनकी सोच पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रो. केलकर ने विद्यार्थी परिषद को केवल एक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा का माध्यम बनाया, जिसकी प्रासंगिकता आज भी बनी हुई है।
इस अवसर पर ग्रैंड ग्रुप के चेयरमैन गुरुचरण सिंह होरा ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को सही दिशा देने के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का बोध कराते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रो. केलकर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने स्वयं को ABVP का कार्यकर्ता बताते हुए ऐसे आयोजनों में शामिल होने पर गर्व व्यक्त किया तथा कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

प्रो. केलकर का योगदान
प्रो. यशवंतराव केलकर देश के प्रख्यात शिक्षाविद, विचारक एवं कुशल संगठनकर्ता थे। उन्होंने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद को मजबूत संगठनात्मक ढांचा प्रदान करते हुए उसे राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन एवं सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने के समर्थक थे। उनका मानना था कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाना भी है।
कार्यक्रम प्रेरणादायक उद्बोधनों, संगठनात्मक चर्चाओं एवं कार्यकर्ताओं के जोशपूर्ण माहौल के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसने युवाओं में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।




