पहले की बेतहाशा पिटाई, फिर 20 किलो के पत्थर से कुचल दिया सर
रायगढ़ (गंगा प्रकाश)।जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रैरुमा चौकी इलाके के राजकोट गांव में अपने ही एक रिश्तेदार को पत्थर व डंडे से मारकर मौत के घाट उतारने की घटना सामने आई है। इस जघन्य अपराध को इस तरह से अंजाम दिया गया है जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के मुताबिक इस घटना की सूचना मिलते ही रैरुमा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और वारदात में संलिप्त 4 आरोपियों पर मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
इस पूरे मामले के बारे में रैरुमा चौकी प्रभारी ने बताया कि यह घटना क्षेत्र के राजकोट गांव की है। जहां मृतक सालिक राम व उसके रिश्ते में साढू लगने वाले रामलाल के बीच अपने ससुर की जमीन के बंटवारे को लेकर अक्सर विवाद होते रहता था। इस बीच बीते शनिवार को सालिक राम गांव में शनिवार को लगने वाले हाट बाजार में पहुंचा। इस दौरान वहां रामलाल और सालिक राम के बीच उसी बात को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया। जिसके बाद रामलाल के परिजन व उसके पड़ोसी ने मिलकर सालिक राम की जमकर पिटाई कर दी। अधिकारी ने प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से बताया कि इस दौरान कुछ लोग बीचबचाव भी करने आये लेकिन रामलाल के पड़ोसी नंद किशोर के द्वारा किसी के भी हस्तक्षेप करने पर जान से मारने की धमकी देने से सभी भयभीत हो गए। इसके बाद आरोपी गंभीर हालत में घायल सालिक राम को पास के बाड़ी में ले गए और वहां करीब 20 किलो वजनी पत्थर से सालिक राम का सर कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल कुल 4 आरोपियों, जिनमें रामलाल, रामलाल की पत्नी गोपाली, पुत्र डमरूधर व नंद किशोर का नाम शामिल है, के विरुद्ध आईपीसी की धारा 302 व 34 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। वहीं, शव का पीएम कराते हुए आगे की आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
There is no ads to display, Please add some
