जिस दुकान में दवा के साथ मरीजों को लगाए जा रहे थे इंजेक्शन, अब औषधि विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप
मैनपुर (गंगा प्रकाश)। मैनपुर ब्लॉक के सरनाबहाल स्थित धनेश्वर मेडिकल स्टोर को लेकर सामने आई खबर का असर अब दिखाई देने लगा है। मेडिकल स्टोर में मरीज को इंजेक्शन लगाए जाने और दवा बिक्री को लेकर उठे सवालों के बाद औषधि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में नियमों एवं निर्धारित शर्तों का उल्लंघन पाए जाने पर विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है। वहीं संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
जिस पर उठे थे सवाल, उसी की हुई जांच
मामला तब चर्चा में आया था जब मेडिकल स्टोर के भीतर मरीज को इंजेक्शन लगाए जाने का वीडियो सामने आया। वीडियो में एक व्यक्ति दवा निकालकर मरीज के पास जाता दिखाई दे रहा था। इसके बाद मेडिकल स्टोर में दवा बिक्री के साथ उपचार संबंधी गतिविधियां संचालित होने को लेकर सवाल उठे थे।
👉 जरूर पढ़ें:मेडिकल स्टोर में इंजेक्शन का ‘खेल’! वायरल वीडियो ने खड़े किए कई सवाल
मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह मेडिकल स्टोर पहुंचे और जांच की। विभाग के अनुसार वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान धोबलेश्वर यादव के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसके द्वारा मेडिकल स्टोर में दवा बेचने के साथ मरीजों को इंजेक्शन लगाने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फार्मासिस्ट के रहते गैर-डिग्रीधारी क्यों?
औषधि विभाग की कार्रवाई के बाद अब जांच का केंद्र मेडिकल स्टोर की व्यवस्था बन गई है। संचालक को जारी नोटिस में पूछा गया है कि मेडिकल स्टोर के लिए नियुक्त फार्मासिस्ट के स्थान पर गैर-डिग्रीधारी व्यक्ति से दवा बिक्री क्यों कराई जा रही थी।
इतना ही नहीं, मेडिकल स्टोर से लगे स्थान पर क्लिनिक संचालित किए जाने को लेकर भी विभाग ने स्पष्टीकरण मांगा है। यानी जांच में केवल दवा बिक्री ही नहीं, बल्कि मेडिकल स्टोर से जुड़ी अन्य गतिविधियां भी जांच के दायरे में आई हैं।
खबर के बाद हरकत में आया विभाग
मेडिकल स्टोर को लेकर सामने आए मामले में गंगा प्रकाश ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर सवाल उठाए थे। खबर के बाद औषधि विभाग की टीम ने मामले को गंभीरता से लिया और मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के बाद मेडिकल स्टोर को सील किए जाने की कार्रवाई सामने आई है।
👉 जरूर पढ़ें:दो हादसे, दो घायल… फिर उठा वही सवाल—मुसीबत में मैनपुर की 108 कहां है?
इस कार्रवाई के बाद अब क्षेत्र में संचालित अन्य मेडिकल स्टोरों की कार्यप्रणाली और वहां नियमों के पालन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

रिपोर्ट जाएगी उच्च कार्यालय
औषधि निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि नियंत्रक महोदय के निर्देश पर जांच की कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आए तथ्यों की रिपोर्ट उच्च कार्यालय को भेजी जाएगी। इसके बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि संचालक द्वारा नोटिस के जवाब में क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है और विभागीय जांच की अंतिम रिपोर्ट में क्या तथ्य सामने आते हैं।
फिलहाल एक बात साफ है—खबर में उठे सवालों के बाद विभाग ने कार्रवाई की है, लेकिन इस पूरे मामले की अगली तस्वीर जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही साफ होगी।




