क्रय-विक्रय में मिलीं अनियमितताएं, लाइसेंस निलंबन या निरस्तीकरण की कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार
गरियाबंद/फिंगेश्वर (गंगा प्रकाश)। मेडिकल स्टोर में बेची जा रही दवाओं की गुणवत्ता और कारोबार में नियमों के पालन को लेकर औषधि विभाग ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में फिंगेश्वर विकासखंड के ग्राम भसेरा स्थित श्री गुरुदेव मेडिकल स्टोर में ड्रग कंट्रोल ऑफिसर धर्मवीर सिंह ध्रुव ने औचक निरीक्षण किया। अचानक पहुंची विभागीय टीम की जांच के दौरान दो औषधियों के नमूने लिए गए, वहीं दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अनियमितताएं भी सामने आईं। इस कार्रवाई के बाद अब मेडिकल स्टोर के लाइसेंस पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में औषधियों के क्रय-विक्रय से जुड़े नियमों के पालन की जांच की गई। इस दौरान विभागीय अधिकारी को कुछ अनियमितताएं मिलीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। जांच के दौरान दो दवाओं के सैंपल भी लिए गए हैं, ताकि औषधियों की गुणवत्ता से संबंधित आवश्यक परीक्षण कराया जा सके। इन नमूनों की जांच रिपोर्ट को लेकर भी आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
👉 जरूर पढ़ें : पसौद के तालाब में आखिर क्या हुआ? रेस्क्यू से पहले ही थम गई 50 वर्षीय ग्रामीण की सांसें
विभागीय जानकारी के मुताबिक निरीक्षण में पाई गई अनियमितताओं के आधार पर संबंधित मेडिकल स्टोर की औषधि अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के निलंबन अथवा निरस्तीकरण के लिए अग्रिम कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हालांकि लाइसेंस पर अंतिम निर्णय विभागीय प्रक्रिया के बाद लिया जाएगा। वहीं दवाओं के नमूनों की जांच रिपोर्ट और अनियमितताओं के संबंध में आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, सुरक्षित दवा वितरण और मेडिकल स्टोरों में नियमानुसार कारोबार कराना खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके तहत मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण कर दवाओं के नमूने लेने तथा नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाती है।
👉 जरूर पढ़ें : 14 साल बाद भी गरियाबंद को क्यों नहीं मिला नगर एवं ग्राम निवेश कार्यालय? अब रायपुर की दौड़ खत्म करने उठी बड़ी मांग
भसेरा में हुई इस औचक जांच को मेडिकल स्टोर संचालकों के लिए एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अब सवाल यह है कि विभागीय जांच और आगे की प्रक्रिया के बाद संबंधित मेडिकल स्टोर के लाइसेंस पर क्या निर्णय लिया जाता है। फिलहाल कार्रवाई की अगली कड़ी और दवाओं की जांच रिपोर्ट पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।





