केशकाल (गंगा प्रकाश):- केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-30 ग्राम गारका के समीप सोमवार तड़के सुबह लगभग 4 बजे अर्टिगा कार और ट्रक के बीच भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस घटना में अर्टिगा कार के चालक को गंभीर चोटें आई थी जिसे स्थानीय लोगों की मदद से केशकाल अस्पताल पहुंचाया गया था जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई है। फिलहाल केशकाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल के चीरघर में रखा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धमतरी निवासी मन्नूलाल साहू अपनी अर्टिगा कार में जगदलपुर जा रहा था। तभी सुबह लगभग 4 बजे ग्राम गारका के समीप विपरीत दिशा से आ रही ट्रक के साथ उसकी आमने सामने भिड़ंत हो गई। इस घटना में कार के सामने का हिस्सा बुरी तरह से छतिग्रस्त हो गया तथा कार का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसकी केशकाल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
इस बारे में जानकारी देते हुए केशकाल एसडीओपी भूपत सिंह ने बताया कि उक्त मामले में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जप्त कर उसके चालक के खिलाफ धारा 279, 304 ए भा.द.वि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना देकर केशकाल बुला लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम होने के पश्चात उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।
There is no ads to display, Please add some


