द हितवाद के वरिष्ठ पत्रकार मुकेश एस. सिंह को मिला डी.पी. चौबे स्मृति जनसंपर्क पुरस्कार
पीआरएसआई रायपुर द्वारा राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर आठ विशिष्ट हस्तियों को किया गया सम्मानित

रायपुर (गंगा प्रकाश)। पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) रायपुर चैप्टर द्वारा 21 अप्रैल को एनआईटी रायपुर परिसर स्थित गोल्डन टावर सभागार में 38वां राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस समारोह भव्यता से आयोजित किया गया। इस अवसर पर मीडिया, जनसंपर्क और सामाजिक सेवा से जुड़ी आठ विशिष्ट हस्तियों को राष्ट्रीय स्मृति पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।
इस गरिमामयी आयोजन में ‘द हितवाद’ रायपुर के समाचार संपादक एवं वरिष्ठ खोजी पत्रकार मुकेश एस. सिंह को उनके तीन दशकों के निर्भीक, विश्लेषणात्मक एवं जनहित पर केंद्रित पत्रकारिता के लिए “डी.पी. चौबे स्मृति जनसंपर्क पुरस्कार” से सम्मानित किया गया।
यह पुरस्कार स्व. डी.पी. चौबे की स्मृति में स्थापित किया गया है, जो मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित पत्रकार तथा शहीद आईपीएस विनोद कुमार चौबे के पिता थे। श्री सिंह को यह पुरस्कार राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर वित्तीय अपराध, नीति विसंगतियों, केंद्रीय जांच एजेंसियों की कार्रवाई और जनहित रिपोर्टिंग में उल्लेखनीय कार्य के लिए प्रदान किया गया। उनकी रिपोर्टिंग में महादेव ऑनलाइन सट्टा घोटाला, शराब घोटाला, CGPSC भर्ती घोटाला जैसे बहुचर्चित मामले शामिल हैं।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, एनआईटी रायपुर के प्रोफेसर डॉ. दिलीप सिसोदिया ने “एआई और जनसंपर्क की भूमिका” विषय पर कहा कि एआई मानवीय संवेदनाओं को प्रतिस्थापित नहीं करता बल्कि उन्हें मजबूत करता है। वहीं मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार वरुण सखाजी श्रीवास्तव (IBC-24) ने कहा कि पत्रकार और पीआर प्रोफेशनल दोनों लोकतंत्र के सशक्त प्रहरी हैं।
अन्य सम्मानित हस्तियाँ:
- पं. स्वराज्य प्रसाद त्रिवेदी स्मृति पुरस्कार – सौरभ शर्मा (उपसंचालक, जनसंपर्क)
- बबन प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार – नसीम अहमद (उपसंचालक, जनसंपर्क)
- रमेश नैयर स्मृति पुरस्कार – एस.के. रूप (संपादक, सम्यक क्रांति, सूरजपुर)
- इरा झा स्मृति पुरस्कार – डॉ. कीर्ति सिसोदिया (सी-पॉजिटिव वेब पोर्टल)
- परितोष चक्रवर्ती स्मृति पुरस्कार – सत्येश भट्ट (जनसंपर्क अधिकारी, गुरु घासीदास विश्वविद्यालय)
- रामशंकर अग्निहोत्री स्मृति पुरस्कार – विजय वाजपेई (बालको, डिप्टी हेड – एक्सटर्नल अफेयर्स)
कार्यक्रम में अदाणी एंटरप्राइजेज, बालको, एनआईटी रायपुर, वरिष्ठ पत्रकार, समाजसेवी, एवं जनप्रतिनिधियों की विशिष्ट उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. प्रतीक पांडे (अदाणी), श्रीमती निघत परवीन खान, मनीष वोरा, मौलाना गौहर अली, कैफ अब्बास, साहिल हुसैन, रिज़वान हैदर और फ़िरोज़ ख़ान सम्मिलित थे।
समारोह का संचालन विकास शर्मा (जनसंपर्क अधिकारी, सीएसईबी) ने किया। स्वागत भाषण पीआरएसआई रायपुर चैप्टर के चेयरमेन डॉ. शाहिद अली ने प्रस्तुत किया। आयोजन में गिरिश मिश्र, डॉ. कुमार सिंह तोप्पा, डॉ. दानेश्वरी संभाकर, छगनलाल लोन्हारे, मनीष मिश्रा, घनश्याम केशरवानी, डॉ. ओम प्रकाश डहरिया और रुखसार परवीन सहित अनेक जनसंपर्क एवं मीडिया जगत की हस्तियां उपस्थित रहीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर संदेश भेजकर सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी और जनसंपर्क दिवस की शुभकामनाएं दीं।
There is no ads to display, Please add some


