अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी में गरियाबंद के युवाओं की चमक, भारत को दिलाया स्वर्ण पदक
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। गरियाबंद जिले के पांच युवा खिलाड़ियों ने नेपाल के पोखरा में आयोजित यूथ गेम्स इंटरनेशनल चैम्पियनशिप 2025 में भारतीय अंडर-19 कबड्डी टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान हासिल किया। 16 से 20 अप्रैल तक चली इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की जीत में जिले के युवाओं की भूमिका सराहनीय रही।
टीम में शामिल राकेश कुमार नागेश, प्रेम सागर दीवान (ग्राम रूवाड़), योगेश कुमार ध्रुव (ग्राम गंजईपुरी), पुनेश ठाकुर (ग्राम रामपुर) और हरिश कुमार (ग्राम बारूला) ने अपने हुनर से न केवल भारत को स्वर्ण पदक दिलाया बल्कि जिले का भी नाम रोशन किया।
इन खिलाड़ियों ने सारंगढ़ के कोच अरुण खुंटे के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर दमदार प्रदर्शन किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गरियाबंद कलेक्टर भगवान सिंह उइके ने सभी विजयी खिलाड़ियों से भेंट कर उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर जनपद सदस्य श्रीमती प्रगति देवांगन भी उपस्थित रहीं। उन्होंने खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु निरंतर प्रोत्साहन और मार्गदर्शन दिया। कलेक्टर श्री उइके ने कहा कि इन युवाओं की सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
There is no ads to display, Please add some


