ऑनलाइन टोकन व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रियाओं से किसानों को मिल रही बड़ी सुविधा
प्रशासन की सुदृढ़ व्यवस्थाओं से जिले में सुचारू, सुरक्षित और भरोसेमंद धान खरीदी जारी
गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। ग्राम कसेरुडीह के किसान तिजम राम साहू ने सहसपुर धान खरीदी केंद्र में ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के माध्यम से 233 क्विंटल धान का बड़ी आसानी से विक्रय किया। धान विक्रय के उपरांत उन्होंने धान खरीदी की पारदर्शी एवं व्यवस्थित प्रक्रिया के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि 3,100 रूपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य से किसानों को आर्थिक रूप से बड़ा सहारा मिल रहा है और सरकारी व्यवस्थाएँ किसान हित में लाभप्रद सिद्ध हो रही हैं। जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों में समय पर बारदाना की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है तथा 3,100 रूपये प्रति क्विंटल के निर्धारित मूल्य पर धान खरीदी निर्बाध रूप से की जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए लागू ऑनलाईन टोकन व्यवस्था के तहत बड़े किसानों को 3 बार और लघु किसानों को 2 बार टोकन कटवाने की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे केंद्रों में भीड़ नियंत्रण और किसानों के समय की बचत हो रही है। केंद्रों में शुद्ध पेयजल, छाया की उचित व्यवस्था, बैठने एवं आराम हेतु कुर्सियाँ उपलब्ध कराई गई हैं। धान की खरीदी निर्धारित मानकों के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों से की जा रही है। जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वसनीय बनी है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत धान खरीदी केंद्रों में 24 घंटे कर्मचारियों की तैनाती की गई है तथा कई केंद्रों में सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी की जा रही है। अंतरराज्यीय सीमाओं पर विशेष बल की तैनाती कर अवैध धान परिवहन पर प्रभावी रोक सुनिश्चित की गई है। प्रशासन द्वारा लागू की गई ये सभी व्यवस्थाएँ धान खरीदी प्रक्रिया को सुरक्षित, पारदर्शी, सुचारू एवं किसान हितैषी बना रही हैं, जिससे किसानों में संतोष एवं भरोसा बढ़ा है।
There is no ads to display, Please add some


