गरियाबंद/फिंगेश्वर(गंगा प्रकाश)। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बारूला, जिला गरियाबंद के किसानों के खेतों में लगे बोर के केबल चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार गांव के लगभग 25 किसानों के बोर में लगे विद्युत केबल अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लिए गए हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित होने की आशंका है। इस संबंध में पीड़ित किसानों द्वारा फिंगेश्वर थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। ग्राम पंचायत बारूला के सरपंच सुकदेव राम साहू ने बताया कि हर वर्ष बोर के केबल चोरी की घटनाएं सामने आती हैं, लेकिन अब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से उनके हौसले बुलंद हो गए हैं। लगातार हो रही चोरियों से किसान भयभीत हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। रिपोर्ट दर्ज कराने वालों में झाड़ूराम साहू, उत्तम कुमार, इंदरमन साहू, मन्नूराम साहू, सुनील कुमार, भुनेश्वर साहू, रोहित कुमार, लेखराम एवं मुकेश शामिल हैं। किसानों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि केबल चोरी की घटनाओं पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरों को नहीं पकड़ा गया, तो आने वाले दिनों में कृषि कार्य पूरी तरह से प्रभावित हो सकता है।
There is no ads to display, Please add some


