जगदलपुर (गंगा प्रकाश)। छत्तीसगढ़ राज्य में पत्रकारों और मीडियाकर्मियों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा को लेकर सक्रिय पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ द्वारा बस्तर जिले में एक दिवसीय समीक्षा बैठक व पत्रकार कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलेभर से पहुंचे वरिष्ठ और युवा पत्रकारों की बड़ी मौजूदगी ने आयोजन को संवाद, विचार-विमर्श और संगठनात्मक एकता का प्रभावी मंच बना दिया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार यादव ने कहा कि पत्रकार महासंघ केवल संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों और मीडियाकर्मियों का सामूहिक परिवार है। इसमें जाति, धर्म, राजनीति या किसी भी तरह के वर्गवाद की कोई जगह नहीं—एकमात्र पहचान पत्रकार होना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पत्रकार संगठित नहीं होंगे, तब तक शोषण, उत्पीड़न और असमानता समाप्त नहीं हो सकती।
प्रदेश अध्यक्ष ने मौजूदा दौर में पत्रकारिता को “बड़े” और “छोटे” पत्रकार जैसे कृत्रिम वर्गों में बांटने पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की आत्मा के खिलाफ भी है।
किसी पत्रकार का मूल्य उसके संसाधन या सत्ता तक पहुंच से नहीं, बल्कि उसकी सच्चाई, साहस, निष्ठा और समाज के प्रति जवाबदेही से तय होता है उन्होंने आगे कहा कि जो पत्रकार सत्य के लिए जोखिम उठाता है, वह माध्यम छोटा हो या बड़ा- कभी छोटा नहीं हो सकता।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसा वर्गीकरण पत्रकारों को कमजोर करता है और उत्पीड़न को बढ़ावा देता है, जिससे सत्ता और मजबूत होती है। महासंघ का स्पष्ट मत है कि हर पत्रकार समान है, सम्मान का अधिकारी है और उसकी सुरक्षा, स्वतंत्रता व गरिमा की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यशाला के दौरान बस्तर अंचल में कार्यरत पत्रकारों ने सुरक्षा, आर्थिक अस्थिरता, प्रशासनिक दबाव और जमीनी चुनौतियों जैसे मुद्दे साझा किए। महासंघ ने भरोसा दिलाया कि बस्तर सहित पूरे प्रदेश के पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर हर स्तर पर संघर्ष किया जाएगा।
कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि एकजुट पत्रकार परिवार ही अन्याय और शोषण की दीवार को तोड़ सकता है—और यही पत्रकार महासंघ छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है।
*इनकी रही मौजूदगी*
प्रदेश उपाध्यक्ष नसीम कुरैशी, प्रदेश महासचिव निहारिका श्रीवास्तव, प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रकाश कुमार यादव सहित बस्तर इकाई के वरिष्ठ व युवा पत्रकार।


There is no ads to display, Please add some


