मंत्री केदार कश्यप होंगे मुख्य अतिथि, सांसद महेश कश्यप समेत प्रदेशभर के पत्रकार होंगे शामिल
राजमन कश्यप
नारायणपुर (गंगा प्रकाश)। जिले में पत्रकारों को एकजुट कर उन्हें एक सशक्त मंच प्रदान करने की दिशा में गठित न्यू प्रेस क्लब नारायणपुर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का भव्य शपथ ग्रहण समारोह आगामी 19 सितंबर 2026, शनिवार को आयोजित किया जाएगा। समारोह को लेकर क्लब के सदस्यों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और पत्रकार संगठनों के पदाधिकारियों की मौजूदगी रहेगी।
शपथ ग्रहण समारोह प्रातः 11 बजे एजी सिनेमा हॉल ऑडिटोरियम, जिला नारायणपुर में आयोजित होगा। समारोह में वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन एवं सहकारिता संसदीय कार्य मंत्री श्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा प्रेस क्लब रायपुर एवं जिला पत्रकार संघ जगदलपुर के पदाधिकारियों सहित अन्य पत्रकार एवं गणमान्य नागरिकों के भी समारोह में शामिल होने की संभावना है।

मंत्री और अधिकारियों को सौंपा आमंत्रण
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों के सिलसिले में 11 सितंबर को न्यू प्रेस क्लब नारायणपुर के सदस्यों ने मंत्री श्री केदार कश्यप सहित जिले के विभिन्न अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की। क्लब पदाधिकारियों ने सभी को समारोह का आमंत्रण कार्ड सम्मानपूर्वक भेंट करते हुए कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया।
👉 जरूर पढ़ें: 20 फीट की सीढ़ी पर बच्चों का भविष्य! तीन साल से अधूरा पुल, जान हथेली पर रखकर स्कूल पहुंच रहे नौनिहाल; वीडियो वायरल हुआ तो NHRC ने मांगा जवाब, कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान
इस दौरान क्लब के सदस्यों ने संगठन के उद्देश्यों और पत्रकारों को एक मंच पर लाने की पहल से भी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को अवगत कराया।
पत्रकारों को एक मंच पर लाने की पहल
न्यू प्रेस क्लब नारायणपुर का गठन जिले के वरिष्ठ पत्रकारों की पहल पर किया गया है। संगठन का उद्देश्य जिले के पत्रकार साथियों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में संगठित होकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाना है।
क्लब के माध्यम से आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीण एवं आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से सामने लाने का प्रयास किया जाएगा।

निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता पर रहेगा जोर
पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी केवल समाचार संकलन तक सीमित नहीं रहती, बल्कि समाज और शासन-प्रशासन के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में भी पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
👉 जरूर पढ़ें- आखिर ऐसा क्या था इस झांकी में, जिसने पूरे सदन को झूमने पर कर दिया मजबूर?
न्यू प्रेस क्लब नारायणपुर का प्रयास है कि जिले के पत्रकार साथी निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता के माध्यम से जमीनी समस्याओं को सामने लाएं। आम जनता की आवाज को शासन तक पहुंचाने के साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाए।
शपथ ग्रहण समारोह को लेकर क्लब के सदस्यों में उत्साह है। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।





