भूषण सेठिया /बीजापुर

छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित साइबर जागृति अभियान के तहत जिला पुलिस बीजापुर द्वारा 30 अगस्त से 05 सितंबर 2026 तक वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

इसी क्रम में शनिवार को थाना कोतवाली बीजापुर में वरिष्ठ नागरिकों हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में थाना कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी-पिन साझा करने से होने वाली ठगी, बैंकिंग व यूपीआई फ्रॉड, फर्जी केवाईसी, डिजिटल अरेस्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और संदिग्ध लिंक से होने वाले अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि बैंक, पुलिस, न्यायालय अथवा कोई भी शासकीय एजेंसी फोन पर ओटीपी, एटीएम पिन, यूपीआई पिन, सीवीवी या इंटरनेट बैंकिंग पासवर्ड नहीं मांगती। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर राशि स्थानांतरित न करें और संदिग्ध लिंक या एप डाउनलोड करने से बचें।
साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन रिपोर्ट करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्राचार्य बी.आर. रोरैया, सेवानिवृत्त प्राचार्य रैमन दास झा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने सक्रिय सहभागिता की।
पुलिस ने अपील की है – साइबर अपराध से बचें, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें।



