न्यू प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री केदार कश्यप की घोषणा; दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की मदद का भी भरोसा
राजमन कश्यप
नारायणपुर (गंगा प्रकाश)। नारायणपुर न्यू प्रेस क्लब के शपथ ग्रहण समारोह में शनिवार को उस समय माहौल तालियों से गूंज उठा, जब मुख्य अतिथि एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री केदार कश्यप ने पत्रकारों की मांग पर जिले में नए पत्रकार भवन के निर्माण की घोषणा कर दी। संवेदनशील एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे पत्रकारों के लिए इसे बड़ी सौगात के रूप में देखा जा रहा है। मंत्री ने इस अवसर पर पत्रकारों के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने तथा दिवंगत पत्रकार साथियों के परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया।
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्र नारायणपुर में पत्रकार विषम परिस्थितियों और अनेक चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। पत्रकार लोकतंत्र के सजग प्रहरी हैं और शासन तथा समाज के बीच संवाद कायम रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों के साहस और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकारिता की मशाल जलाए रखना बड़ी जिम्मेदारी है।

दिवंगत पत्रकारों के परिवारों की मदद का भरोसा
न्यू प्रेस क्लब की ओर से पत्रकारों की समस्याओं और दिवंगत पत्रकार साथियों के परिवारों से जुड़े विषयों को भी मंत्री के समक्ष रखा गया। इस पर मंत्री कश्यप ने दो दिवंगत पत्रकार साथियों के परिवारों को यथासंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों एवं उनके परिवारों के हित से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जाएगा।
प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
समारोह के दौरान नारायणपुर जिले का नाम विभिन्न क्षेत्रों में गौरवान्वित करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। मंत्री ने कहा कि जिले की पहचान केवल उसकी भौगोलिक सीमाओं से नहीं, बल्कि यहां की प्रतिभाओं से भी है। शिक्षा, खेल, साहित्य, कला, समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाले लोगों का सम्मान समाज के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायी है।

दीप प्रज्वलन से शुरू हुआ कार्यक्रम
शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान एवं राज्य गीत प्रस्तुत किया गया। न्यू प्रेस क्लब के महासचिव डॉ. अभिषेक बेनर्जी ने स्वागत भाषण में नारायणपुर में पत्रकारिता की चुनौतियों और क्लब की स्थापना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण भौगोलिक एवं सामाजिक परिस्थितियों के बीच यहां पत्रकारिता केवल खबरों को सामने लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि कई बार विपरीत परिस्थितियों में सच्चाई को समाज तक पहुंचाने का दायित्व भी है।
👉 जरूर पढ़े: आठ साल बाद भी क्यों नम हो जाती हैं गरियाबंद की आंखें?
उन्होंने कहा कि न्यू प्रेस क्लब की स्थापना पत्रकारों के बीच एकता, सहयोग, सुरक्षा, गरिमा और पत्रकारिता के मूल्यों को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
अध्यक्ष ने लिया जनहित की पत्रकारिता का संकल्प
न्यू प्रेस क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील सिंह राठौर ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता, निष्पक्षता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता क्लब की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने पत्रकार साथियों से आपसी समन्वय और भाईचारे के साथ पत्रकारिता की गरिमा को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने शासन-प्रशासन से पत्रकारों की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर संवेदनशीलता के साथ सहयोग की अपेक्षा भी जताई।
जन्मदिन के दिन मिली दोहरी खुशी
नवनियुक्त अध्यक्ष सुनील सिंह राठौर के लिए शपथ ग्रहण समारोह का दिन विशेष रहा। इसी दिन उनका जन्मदिन भी था। उन्होंने जन्मदिन के अवसर पर न्यू प्रेस क्लब के अध्यक्ष पद की शपथ ली। मंत्री केदार कश्यप ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल के लिए बधाई दी।
बदलती पत्रकारिता और तकनीक पर भी चर्चा
जगदलपुर से पहुंचे बस्तर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मनीष गुप्ता ने पत्रकारिता के इतिहास से लेकर वर्तमान दौर में आए बदलावों पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम और स्वरूप समय के साथ बदले हैं, लेकिन तथ्य और सच्चाई को समाज के सामने रखना इसका मूल उद्देश्य आज भी कायम है। उन्होंने पत्रकारों से बदलते मीडिया परिदृश्य के अनुरूप नई तकनीक और माध्यमों को अपनाने के साथ पत्रकारिता की विश्वसनीयता और सामाजिक सरोकारों को बनाए रखने का आह्वान किया।
अतिथियों का किया गया सम्मान
समारोह में मंचासीन अतिथियों का न्यू प्रेस क्लब के पत्रकारों द्वारा शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मान किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री हेमचंद मांझी, लघु वन उपज आयोग के अध्यक्ष रूपे सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष इंद्र प्रसाद वकील, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, साहित्यकार शिवकुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर, एसडीएम अभयजीत मंडावी सहित विभिन्न समाज प्रमुख उपस्थित रहे।
मंत्री ने दिलाई पदाधिकारियों व सदस्यों को शपथ
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण न्यू प्रेस क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का शपथ ग्रहण रहा। मुख्य अतिथि मंत्री केदार कश्यप ने पत्रकारों को शपथ दिलाई। पत्रकारों ने लोकतांत्रिक मूल्यों, निष्पक्ष पत्रकारिता, जनहित और पत्रकारिता की गरिमा को बनाए रखने का संकल्प लिया।
👉 जरूर पढ़े:जैसे ही मंच पर बदला मां का रूप, थम गईं हजारों निगाहें… गांधी मैदान में आधी रात तक गूंजते रहे जयकारे
कार्यक्रम के अंत में न्यू प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष बिंदेश पात्र ने अतिथियों, पत्रकार साथियों, समाज प्रमुखों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके साथ ही शपथ ग्रहण समारोह का समापन हुआ।





