गरियाबंद (गंगा प्रकाश)। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा बाहरी एवं संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सरपंचों और कोटवारों की बैठक आयोजित कर उन्हें गांव एवं वार्ड स्तर पर नए आने वाले लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही बिना सत्यापन रह रहे किरायेदारों की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि गांवों और शहरी क्षेत्रों में रोजगार, मजदूरी या अन्य कार्यों के लिए बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी स्थानीय स्तर पर एकत्रित करना सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक है। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध प्रतीत होता है या उसके पास वैध पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं हैं, तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
रफी साहब को सुरों की श्रद्धांजलि, 26 जुलाई को सजेगा म्यूजिक ग्रुप कारवां
पुलिस ने सरपंचों और कोटवारों से गांवों में सतर्क प्रहरी की भूमिका निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी नए व्यक्ति के आगमन की सूचना नियमित रूप से पुलिस तक पहुंचाई जाए। इससे अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी।
किरायेदार सत्यापन अनिवार्य, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में बड़ी संख्या में लोग किराये के मकानों में निवास कर रहे हैं। ऐसे में मकान मालिकों के लिए अपने किरायेदारों का सत्यापन कराना अनिवार्य है। इसके लिए पुलिस के समाधान ऐप के माध्यम से ऑनलाइन सत्यापन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे घर बैठे ही किरायेदारों का पंजीयन और सत्यापन कराया जा सकता है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खैरगुड़ा में महिलाओं ने संभाली धान रोपाई की कमान, लोकगीतों से गूंजा पूरा खेत
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से सहयोग की अपील
गरियाबंद पुलिस ने जनप्रतिनिधियों, गृहस्वामियों और आम नागरिकों से सुरक्षा अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जिले को सुरक्षित एवं अपराधमुक्त बनाए रखने में समाज के प्रत्येक जागरूक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। यदि किसी भी क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना पुलिस को दी जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
