*बीजापुर के स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि, CHC भैरमगढ़ को मिला राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणपत्र NQAS
*भूषण सेठिया/भैरमगढ़/बीजापुर (गंगा प्रकाश )
*वनांचल के अस्पताल ने राष्ट्रीय मानकों पर खरा उतरकर जिले का नाम किया रोशन*
छत्तीसगढ़ के अंदरूनी और वनांचल क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक नया अध्याय जुड़ गया है। बीजापुर जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैरमगढ़ को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और गुणवत्तापूर्ण प्रबंधन के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है।
राष्ट्रीय स्तर की विशेषज्ञ टीम द्वारा विगत दिनों CHC भैरमगढ़ का सघन निरीक्षण किया गया था। टीम ने अस्पताल के ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, लेबोरेटरी, फार्मेसी, स्टोर, साफ-सफाई और बायो-मेडिकल वेस्ट प्रबंधन सहित विभिन्न विभागों का बारीकी से मूल्यांकन किया।
अस्पताल ने मरीजों की देखभाल, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं की उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण और प्रशासनिक प्रक्रियाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय मानकों को सफलतापूर्वक पूरा किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं और स्टाफ के कार्य को टीम ने सराहा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कलेक्टर बीजापुर और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने स्वास्थ्य केंद्र की पूरी टीम, खंड चिकित्सा अधिकारी, चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ को बधाई दी है। अधिकारियों ने कहा कि यह प्रमाणपत्र जिले के स्वास्थ्य विभाग की प्रतिबद्धता, टीम भावना और निरंतर मेहनत का परिणाम है।
*क्या है NQAS और क्यों है यह खास?
NQAS केंद्र सरकार द्वारा दिया जाने वाला सबसे प्रतिष्ठित स्वास्थ्य गुणवत्ता प्रमाणपत्र है। यह किसी भी सरकारी अस्पताल को तभी प्रदान किया जाता है जब वह मरीज की सुरक्षा, इलाज की गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण, साफ-सफाई और प्रबंधन से जुड़े 100 से अधिक कड़े मापदंडों पर 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करता है।
भैरमगढ़ जैसे सुदूर वनांचल क्षेत्र के अस्पताल का इस राष्ट्रीय मानक पर खरा उतरना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह प्रमाणपत्र मिलने के बाद CHC भैरमगढ़ को केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि भी प्राप्त होगी, जिसका उपयोग अस्पताल की सुविधाओं को और बेहतर बनाने में किया जाएगा।

अब यह अस्पताल जिले के अन्य सरकारी अस्पतालों के लिए एक मॉडल और बेंचमार्क के रूप में काम करेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को अपने ही ब्लॉक में बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।



