छुरा (गंगा प्रकाश)। तेज बारिश के बाद नदी-नालों और पुल-पुलियों में उफान ने ग्रामीण इलाकों में आवाजाही को मुश्किल बना दिया है। इसी बीच छुरा थाना क्षेत्र के मुड़ागांव–भैरा–नवापारा मार्ग पर वर्षों से जर्जर पड़ी एक छोटी पुलिया ने एक परिवार की चिंता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह पुल पार करते समय एक युवक गहरे गड्ढे में फंसकर बह गया। घटना के बाद से उसकी तलाश जारी है, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
मिली जानकारी के अनुसार नवापारा निवासी डिगेश्वर यादव, पिता संत राम यादव, शनिवार सुबह करीब 8 बजे अपने चाचा के बेटे छोटे दाऊ के साथ उक्त पुलिया को पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज बारिश के कारण पानी का बहाव बढ़ा हुआ था और पुलिया पर बने गड्ढे में डिगेश्वर फंस गया। देखते ही देखते वह पानी के तेज बहाव की चपेट में आ गया।
👉 जरूर पढ़ें:पत्रकारों की एकजुटता का दिखेगा शक्ति प्रदर्शन, न्यू प्रेस क्लब नारायणपुर का शपथ ग्रहण 19 को
घटना की जानकारी छोटे दाऊ ने अपने परिजनों और ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल डिगेश्वर की तलाश शुरू कर दी। तलाशी के दौरान उसकी साइकिल तो मिल गई, लेकिन डिगेश्वर का अभी तक पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।

वर्षों से जर्जर है पुलिया, हर साल होती रही मरम्मत
ग्रामीणों के अनुसार मुड़ागांव–भैरा–नवापारा मार्ग की यह पुलिया लंबे समय से जर्जर हालत में है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद ग्रामीणों की आवाजाही इसी रास्ते से होती रही है। बताया जाता है कि ग्राम पंचायत द्वारा समय-समय पर पुलिया की मरम्मत कराई जाती रही, लेकिन स्थायी समाधान नहीं होने के कारण समस्या जस की तस बनी रही।
ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया के नव निर्माण की मांग शासन-प्रशासन से कई बार की जा चुकी है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बारिश के दिनों में पुलिया पर पानी का दबाव बढ़ने के साथ इसकी स्थिति और खतरनाक हो जाती है।

स्थायी समाधान नहीं हुआ तो हादसे का खतरा बना रहेगा
ग्रामीणों का आरोप है कि हर वर्ष मरम्मत कार्य कराकर पुलिया को कुछ समय के लिए आवागमन योग्य बनाया जाता है, लेकिन लगातार बारिश और पानी के तेज बहाव के कारण पुलिया फिर क्षतिग्रस्त हो जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर स्थायी पुलिया का निर्माण ही समस्या का समाधान है।
👉 जरूर पढ़ें:20 फीट की सीढ़ी पर बच्चों का भविष्य! तीन साल से अधूरा पुल, जान हथेली पर रखकर स्कूल पहुंच रहे नौनिहाल; वीडियो वायरल हुआ तो NHRC ने मांगा जवाब, कलेक्टर ने मौके पर पहुंचकर संभाली कमान
डिगेश्वर यादव के लापता होने की घटना ने एक बार फिर जर्जर पुल-पुलियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। फिलहाल लापता युवक की तलाश जारी है और उसके सुरक्षित मिलने की उम्मीद में परिजन और ग्रामीण जुटे हुए हैं।





